मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सुधीर शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस, विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा पत्र

सार

पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा ने विधानसभा सत्र के दौरान विजिलेंस जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

2 मिनट
सुधीर शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस, विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा पत्र

विजिलेंस पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर बीजेपी विधायक ने जताई आपत्ति, बोले- विधानसभा सत्र के दौरान बुलाना मानसिक प्रताड़ना

पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। उन्होंने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को पत्र सौंपा है।

जानकारी के मुताबिक, यह नोटिस पुलिस के मुखिया समेत दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ दिया गया है। सुधीर शर्मा का आरोप है कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विजिलेंस की ओर से उन्हें जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया गया।

विधानसभा सत्र के दौरान बुलाने पर जताई आपत्ति

सुधीर शर्मा ने विधानसभा सत्र के बीच पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे मानसिक प्रताड़ना करार देते हुए कहा कि सत्र के दौरान इस तरह से जांच के लिए बुलाना उन्हें परेशान करने का प्रयास है।

बीजेपी विधायक के अनुसार मामला धर्मशाला में दर्ज है, जबकि उन्हें पूछताछ के लिए शिमला स्थित कार्यालय बुलाया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधानसभा अध्यक्ष उनके विशेषाधिकार हनन से जुड़े मामले पर उचित कार्रवाई करेंगे।

आय से अधिक संपत्ति मामले में चल रही जांच

गौरतलब है कि बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ विजिलेंस में कथित आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है। जांच के दौरान विजिलेंस की ओर से उनकी आय, संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश से संबंधित जानकारी खंगाली जा रही है।

जांच के दायरे में शेयरों से हुई आय, जमीन की खरीद-बिक्री और अन्य वित्तीय लेन-देन भी शामिल बताए जा रहे हैं।

सुधीर शर्मा पहले भी इस कार्रवाई को बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई बता चुके हैं। अब विधानसभा सत्र के दौरान विजिलेंस की पूछताछ के लिए बुलाए जाने को लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें