मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में ABVP छात्रों पर बल प्रयोग को लेकर भड़के इंद्र सिंह गांधी, बोले- युवाओं को लाठी नहीं रोजगार चाहिए

सार

भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मंडी में मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे ABVP कार्यकर्ताओं और छात्रों के साथ कथित धक्का-मुक्की व बल प्रयोग की निंदा की। उन्होंने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए छात्रों पर कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और सरदार पटेल विश्वविद्यालय को मजबूत करने की मांग की।

3 मिनट
मंडी में ABVP छात्रों पर बल प्रयोग को लेकर भड़के इंद्र सिंह गांधी, बोले- युवाओं को लाठी नहीं रोजगार चाहिए

भाजपा विधायक ने छात्रों पर कार्रवाई की जांच और सरदार पटेल विश्वविद्यालय का दायरा बढ़ाने की मांग की

भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मंडी में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों के साथ कथित धक्का-मुक्की व बल प्रयोग की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें उठाना हर नागरिक और छात्र का अधिकार है। सरकार को छात्रों की बात सुनकर उनसे संवाद करना चाहिए था, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

सरदार पटेल विश्वविद्यालय को कमजोर करने का लगाया आरोप

इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी की स्थापना की थी। इसका उद्देश्य मंडी सहित पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना था।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार लगातार विश्वविद्यालय का दायरा कम करने और उसे कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के साथ इस तरह का व्यवहार विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

फीस वृद्धि और छात्र मुद्दों पर सरकार को घेरा

भाजपा विधायक ने कहा कि प्रदेश में फीस वृद्धि समेत विद्यार्थियों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर छात्र संगठन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं। सरकार को उनकी मांगों पर बातचीत करनी चाहिए थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, धक्का-मुक्की और लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई सरकार की युवा विरोधी मानसिकता को दर्शाती है।

‘युवाओं को लॉटरी नहीं, रोजगार चाहिए’

इंद्र सिंह गांधी ने कांग्रेस के रोजगार के वादे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने युवाओं को हर वर्ष एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन चार साल बाद भी प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने चाहिए, लेकिन इसके बजाय प्रदेश में सरकारी लॉटरी को बढ़ावा देने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा, “हिमाचल के युवाओं को लॉटरी का टिकट नहीं, रोजगार चाहिए।”

छात्रों पर कार्रवाई की जांच की मांग

भाजपा विधायक ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की कि छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने सरदार पटेल विश्वविद्यालय का दायरा घटाने के बजाय उसे और मजबूत करने की मांग की।

इंद्र सिंह गांधी ने चेतावनी दी कि युवा शक्ति की आवाज को डंडे के बल पर दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनना होगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें