मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

THE वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल की बड़ी छलांग, 1400 संस्थानों में 17वीं रैंक

सार

केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश ने THE वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में पहली बार शामिल होकर 701-800 के वैश्विक बैंड में जगह बनाई है। कुलपति प्रो. एसपी बंसल के अनुसार करीब 1400 भारतीय संस्थानों में विश्वविद्यालय को 17वीं रैंक मिली है।

TV Incharge

2 मिनट
THE वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल की बड़ी छलांग, 1400 संस्थानों में 17वीं रैंक

THE वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में पहली बार शामिल हुआ केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश, 56 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में तीसरे स्थान का दावा

केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश ने टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में पहली बार शामिल होकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.

एसपी बंसल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि विश्वविद्यालय को वैश्विक रैंकिंग में 701-800 के बैंड में स्थान मिला है। उनके अनुसार देशभर के केंद्रीय, राज्य, निजी और डीम्ड विश्वविद्यालयों समेत करीब 1400 संस्थानों के बीच विश्वविद्यालय की 17वीं रैंक रही है।

प्रो. एसपी बंसल ने बताया कि सभी 56 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश के सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों में विश्वविद्यालय को प्रथम स्थान मिला है।

उन्होंने बताया कि THE रैंकिंग पांच प्रमुख क्षेत्रों—टीचिंग, रिसर्च एनवायरमेंट, रिसर्च क्वालिटी, इंटरनेशनल आउटलुक और इंडस्ट्री—के 17 प्रदर्शन संकेतकों के आधार पर निर्धारित होती है। विश्वविद्यालय का टीचिंग में 35.4 स्कोर रहा।

कुलपति ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में विभिन्न प्रोजेक्ट्स, इसरो के साथ सहयोग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए एमओयू का भी विश्वविद्यालय को लाभ मिला है। विश्वविद्यालय में शोध एवं वैज्ञानिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष एएनआरएफ के तहत करीब 11 करोड़ रुपये की ग्रांट प्राप्त हुई है, जिसमें लगभग 7 करोड़ रुपये उपकरणों के लिए हैं।

धर्मशाला कैंपस को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रो. बंसल ने कहा कि धर्मशाला कैंपस विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है और इसका निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि बजट से जुड़ी कुछ औपचारिकताओं के कारण काम की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब बजट प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि परिस्थितियां अनुकूल रहने पर जनवरी तक कैंपस के कुछ हिस्से में शिफ्ट होने की स्थिति बन सकती है।

देहरा में प्रस्तावित बोटैनिकल गार्डन को लेकर कुलपति ने बताया कि इसके लिए छह एकड़ भूमि अलग से चिन्हित की गई है। यहां नवग्रह वाटिका समेत बड़ा बोटैनिकल गार्डन विकसित किया जाएगा। इसे विद्यार्थियों और शोधार्थियों के साथ आम जनता, स्कूल-कॉलेजों तथा पर्यटकों के लिए भी खोला जाएगा।

प्रो. बंसल ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए उपलब्धि और बधाई का दिन है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विश्वविद्यालय ने वैश्विक रैंकिंग में अपनी पहचान बनाई है। आगे भी शोध, शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के प्रयास जारी रहेंगे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • विश्वविद्यालय रैंकिंग
  • केंद्रीय विश्वविद्यालय
  • THE रैंकिंग
  • शोध
  • प्रदर्शन संकेतक
  • उच्च शिक्षा
  • THE

इस खबर को शेयर करें