मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मिशन दृष्टि बिलासपुर: 100 बच्चों की आंखों की स्क्रीनिंग, 20 में मिले दृष्टि संबंधी समस्या के संकेत

सार

बिलासपुर में ‘मिशन दृष्टि’ के तहत डीएवी स्कूल चंगर में करीब 100 बच्चों की आंखों की स्क्रीनिंग की गई। जांच में लगभग 20 बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं और रिफ्रैक्टिव एरर के संकेत मिले। जिला प्रशासन 1 सितंबर से पूरे जिले में अभियान शुरू करेगा।

3 मिनट
मिशन दृष्टि बिलासपुर: 100 बच्चों की आंखों की स्क्रीनिंग, 20 में मिले दृष्टि संबंधी समस्या के संकेत

डीएवी स्कूल चंगर में पायलट जांच का दूसरा चरण, 1 सितंबर से पूरे जिले में शुरू होगा व्यापक अभियान

बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बिलासपुर की पहल ‘मिशन दृष्टि बिलासपुर’ के तहत डीएवी स्कूल चंगर में पायलट जांच का दूसरा चरण आयोजित किया गया।

इस दौरान एलकेजी और यूकेजी कक्षाओं के करीब 100 बच्चों की आंखों की स्क्रीनिंग की गई। जांच में लगभग 20 बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं और रिफ्रैक्टिव एरर के संकेत सामने आए।

इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने स्क्रीनिंग प्रक्रिया का जायजा लिया। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी शशि दत्त शर्मा, एनटीपीसी की कंसल्टेंट चिकित्सक ईशा, क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

हर बच्चे तक पहुंचने का लक्ष्य

उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि मिशन दृष्टि का उद्देश्य जिले के प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना है, चाहे वह सरकारी या निजी विद्यालय में पढ़ता हो। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे अक्सर यह समझ नहीं पाते कि उनकी दृष्टि सामान्य नहीं है और वे अपनी समस्या अभिभावकों या शिक्षकों को नहीं बता पाते।

ऐसे में नियमित स्क्रीनिंग के माध्यम से दृष्टि संबंधी समस्या की समय रहते पहचान करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आंखों की समस्या का असर बच्चे की पढ़ाई, एकाग्रता और कक्षा में सक्रिय भागीदारी पर पड़ सकता है। इसलिए मिशन दृष्टि को केवल स्क्रीनिंग तक सीमित नहीं रखा जा रहा है, बल्कि चिन्हित बच्चों के फॉलो-अप, आवश्यक चिकित्सकीय जांच और उपचार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अभिभावकों को दी जाएगी जानकारी

उपायुक्त ने बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान जिन बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या पाई जा रही है, उनके अभिभावकों को विद्यालय के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की आंखों की आवश्यक जांच नजदीकी नेत्र विशेषज्ञ से जरूर करवाएं, ताकि किसी भी समस्या का समय रहते उपचार किया जा सके।

हिमाचल का पहला व्यापक प्रोजेक्ट

जिला प्रशासन के अनुसार, ‘मिशन दृष्टि बिलासपुर’ अपनी तरह का हिमाचल प्रदेश का पहला व्यापक प्रोजेक्ट है। इसके तहत आधुनिक तकनीक के माध्यम से बच्चों की दृष्टि की शुरुआती जांच के साथ चिन्हित मामलों को उपचार और नियमित फॉलो-अप से जोड़ने की व्यवस्था विकसित की जा रही है।

इससे पहले मिशन दृष्टि के तहत प्राथमिक विद्यालय डियारा और आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। निजी विद्यालय में आयोजित इस जांच का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ-साथ निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की स्थिति का आकलन करना था।

ऑटो रिफ्रैक्टोमीटर से हो रही स्क्रीनिंग

जिला प्रशासन द्वारा सीएसआर और डीएमएफ के माध्यम से उपलब्ध करवाई गई आधुनिक ऑटो रिफ्रैक्टोमीटर मशीन के जरिए स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की जा रही है। अभियान के पहले चरण में 8 वर्ष तक की आयु के बच्चों की स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

1 सितंबर से पूरे जिले में शुरू होगा अभियान

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि पायलट चरण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर 1 सितंबर से ‘मिशन दृष्टि बिलासपुर’ को पूरे जिले में व्यापक स्तर पर शुरू किया जाएगा।

अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ सरकारी और निजी विद्यालयों में बच्चों की आंखों की स्क्रीनिंग की जाएगी। स्क्रीनिंग के दौरान सामने आने वाले मामलों का रिकॉर्ड तैयार कर नियमित फॉलो-अप किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार बच्चों को चश्मे, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • मिशन दृष्टि
  • दृष्टि समस्या
  • स्क्रीनिंग
  • बच्चों का स्वास्थ्य
  • चिकित्सा अभियान

इस खबर को शेयर करें