मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पालमपुर फैमिली कोर्ट का अहम फैसला: सोशल मीडिया की लत और वैवाहिक जिम्मेदारियों से दूरी को माना मानसिक क्रूरता

सार

हिमाचल प्रदेश के पालमपुर पारिवारिक न्यायालय ने एक वैवाहिक विवाद में पति के पक्ष में तलाक की डिक्री पारित की है। अदालत ने कहा कि सोशल मीडिया पर अत्यधिक समय बिताना अपने आप में मानसिक क्रूरता नहीं है, लेकिन यदि इसके साथ वैवाहिक जिम्मेदारियों से दूरी, लगातार विवाद और जीवनसाथी के प्रति अपमानजनक व्यवहार जुड़ा हो तो परिस्थितियों के आधार पर इसे मानसिक क्रूरता माना जा सकता है।

3 मिनट
पालमपुर फैमिली कोर्ट का अहम फैसला: सोशल मीडिया की लत और वैवाहिक जिम्मेदारियों से दूरी को माना मानसिक क्रूरता

पति के पक्ष में तलाक की डिक्री, अदालत ने कहा- सोशल मीडिया का इस्तेमाल अकेले क्रूरता नहीं, लेकिन अन्य व्यवहार के साथ हो तो बन सकता है आधार

हिमाचल प्रदेश के पालमपुर पारिवारिक न्यायालय ने एक वैवाहिक विवाद में पति के पक्ष में तलाक की डिक्री पारित की है। अदालत ने मामले में पत्नी के कथित व्यवहार को परिस्थितियों के आधार पर मानसिक क्रूरता की श्रेणी में माना।

अदालत ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताना अकेले मानसिक क्रूरता नहीं माना जा सकता, लेकिन जब इसके साथ वैवाहिक जिम्मेदारियों से दूरी, लगातार विवाद और जीवनसाथी के प्रति अपमानजनक व्यवहार जैसे तथ्य जुड़े हों, तो पूरे मामले का न्यायिक मूल्यांकन किया जा सकता है।

अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश धीरू ठाकुर की अदालत ने फैसले में व्यक्तिगत स्वतंत्रता और स्वायत्तता के अधिकार को भी महत्वपूर्ण बताया। अदालत ने कहा कि किसी व्यक्ति की सोशल मीडिया गतिविधियों पर केवल इसी आधार पर रोक नहीं लगाई जा सकती।

हालांकि, यदि सोशल मीडिया का अत्यधिक इस्तेमाल वैवाहिक दायित्वों और रिश्ते पर प्रतिकूल प्रभाव डालने लगे और इसके साथ लगातार विवाद व तिरस्कारपूर्ण व्यवहार भी हो, तो परिस्थितियों के आधार पर इसे मानसिक क्रूरता के तौर पर देखा जा सकता है।

2024 में पति ने दायर की थी तलाक याचिका

बैजनाथ उपमंडल निवासी पति ने वर्ष 2024 में पारिवारिक न्यायालय में तलाक की याचिका दायर की थी। याचिका में पति ने आरोप लगाया कि मार्च 2017 से पत्नी के व्यवहार में बदलाव आने लगा था।

पति के अनुसार, पत्नी लंबे समय तक सोशल मीडिया पर व्यस्त रहने लगी और ससुराल में रहने तथा घरेलू जिम्मेदारियां निभाने से इनकार करने लगी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के साथ दुर्व्यवहार करती थी और उसे अनाकर्षक तथा कमतर बताकर लगातार अपमानित करती थी।

रिश्ते में सुधार और समझौते के लिए परिवार तथा पंचायत स्तर पर कई प्रयास किए गए, लेकिन ये प्रयास सफल नहीं हो सके।

नोटिस के बाद भी कोर्ट में पेश नहीं हुई पत्नी

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने पत्नी को नोटिस जारी किए, लेकिन वह अदालत में उपस्थित नहीं हुई। इसके बाद अदालत ने उसे एकतरफा घोषित कर दिया और उपलब्ध रिकॉर्ड एवं साक्ष्यों के आधार पर मामले की सुनवाई आगे बढ़ाई।

अदालत ने रिकॉर्ड पर उपलब्ध तथ्यों और पति की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर अपना फैसला सुनाया।

घरेलू काम से इनकार पर भी कोर्ट की अहम टिप्पणी

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल खाना बनाने या कपड़े धोने जैसे घरेलू काम करने से इनकार करना अपने आप में मानसिक क्रूरता नहीं माना जा सकता। हालांकि, यदि ऐसा व्यवहार विवाह संबंध जारी न रखने की मंशा, लगातार विवाद, परिवार के प्रति अनादर और जीवनसाथी के अपमान जैसे अन्य तथ्यों के साथ सामने आए तथा आरोपों का प्रभावी खंडन भी न किया

गया हो, तो पूरे मामले की परिस्थितियों के आधार पर इसे मानसिक क्रूरता माना जा सकता है।

पालमपुर पारिवारिक न्यायालय के इस फैसले में सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और वैवाहिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन को लेकर महत्वपूर्ण कानूनी टिप्पणी सामने आई है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • पालमपुर
  • तलाक
  • सोशल मीडिया
  • मानसिक क्रूरता
  • वैवाहिक जिम्मेदारियाँ
  • पारिवारिक न्यायालय
  • अदालत का फैसला

इस खबर को शेयर करें