मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

फीस वृद्धि के विरोध में ABVP ने कॉलेज परिसर में किया शांति हवन, प्रशासन ने जताई आपत्ति

सार

जिला मुख्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में फीस वृद्धि को लेकर ABVP और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। फीस वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर ABVP ने शुक्रवार को कॉलेज परिसर में शांति हवन यज्ञ किया। कॉलेज प्रशासन ने बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने पर आपत्ति जताई है।

2 मिनट
फीस वृद्धि के विरोध में ABVP ने कॉलेज परिसर में किया शांति हवन, प्रशासन ने जताई आपत्ति

बढ़ी फीस वापस लेने की मांग, ABVP ने कॉलेज प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए किया हवन; प्रिंसिपल बोलीं- बिना अनुमति आयोजित हुआ कार्यक्रम

पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में फीस वृद्धि को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और कॉलेज प्रशासन के बीच चल रहा विवाद अब विरोध के नए रूप तक पहुंच गया है। फीस वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर पहले सांकेतिक भूख हड़ताल कर चुकी ABVP ने शुक्रवार को कॉलेज परिसर में शांति हवन यज्ञ का आयोजन किया।

हवन के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने आहुतियां डालकर कॉलेज प्रशासन के लिए सद्बुद्धि की कामना की। संगठन का कहना है कि बढ़ी हुई फीस के कारण आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

फीस वृद्धि वापस लेने की मांग

ABVP कॉलेज इकाई अध्यक्ष सूरज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हवन में कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन से सेल्फ फाइनांस कोर्सेज में बढ़ाई गई फीस को तत्काल वापस लेने की मांग की।

सूरज शर्मा ने कहा कि संगठन ने विद्यार्थियों के हित में यह हवन आयोजित किया है। उन्होंने कहा कि फीस वृद्धि से विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ABVP ने फीस वृद्धि के अलावा विद्यार्थियों को बेहतर वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने और निर्माणाधीन बीसीए लैब का काम जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई है।

कॉलेज प्रशासन ने बिना अनुमति हवन पर जताई आपत्ति

वहीं, कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. मीता शर्मा ने कॉलेज परिसर में बिना अनुमति हवन आयोजित करने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए कॉलेज प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।

प्रिंसिपल ने कहा कि फीस वृद्धि के मामले पर कॉलेज प्रशासन लगातार विचार-मंथन कर रहा है और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि करीब चार दिन पहले फीस वृद्धि के मुद्दे पर कॉलेज प्रशासन और ABVP पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। बैठक में आगामी निर्णय आने तक कॉलेज परिसर में किसी भी तरह की गतिविधि नहीं करने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद हवन आयोजित किया गया।

डॉ. मीता शर्मा ने कहा कि कॉलेज का संचालन करने वाले सभी लोग बुद्धिजीवी हैं और उनकी सद्बुद्धि के लिए इस तरह के हवन की आवश्यकता नहीं है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • ABVP
  • फीस वृद्धि
  • कॉलेज प्रशासन
  • शांति हवन
  • छात्र विरोध
  • छात्र हित
  • आर्थिक बोझ

इस खबर को शेयर करें