मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मातृ-शिशु अस्पताल के लिए सातवें दिन अखिल बख्शी ने समाप्त की भूख हड़ताल

सार

नूरपुर में मातृ-शिशु अस्पताल शुरू करवाने की मांग को लेकर सात दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अखिल बख्शी ने बुधवार देर रात अनशन समाप्त कर दिया। सिविल अस्पताल नूरपुर की एमएस डॉ. अनुराधा शर्मा ने उन्हें जूस पिलाकर भूख हड़ताल खत्म करवाई। अखिल बख्शी ने कहा कि अस्पताल शुरू करवाने की मांग को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

TV Incharge

2 मिनट
मातृ-शिशु अस्पताल के लिए सातवें दिन अखिल बख्शी ने समाप्त की भूख हड़ताल

सिविल अस्पताल नूरपुर की एमएस ने जूस पिलाकर करवाया अनशन समाप्त, बोले- अस्पताल शुरू करवाने तक जारी रहेगा संघर्ष

नूरपुर में मातृ-शिशु अस्पताल शुरू करवाने की मांग को लेकर पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे अखिल बख्शी ने बुधवार देर रात अपना अनशन समाप्त कर दिया। सिविल अस्पताल नूरपुर की एमएस डॉ. अनुराधा शर्मा ने अखिल बख्शी को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त करवाई।

इससे पहले मंगलवार को महिलाओं और युवाओं ने अखिल बख्शी के समर्थन में रोष रैली निकाली थी। इस दौरान प्रशासन और सरकार से मातृ-शिशु अस्पताल को जल्द शुरू करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि 24 घंटे के भीतर मांगों को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद अखिल बख्शी ने प्रेस वार्ता की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु अस्पताल को शुरू करवाने की मांग को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूख हड़ताल समाप्त जरूर की गई है, लेकिन जनता के मुद्दों को लेकर उनकी आवाज उठती रहेगी।

विधायक और पूर्व विधायक पर साधा निशाना

प्रेस वार्ता के दौरान अखिल बख्शी ने नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का और पूर्व विधायक अजय महाजन पर भी तंज कसे। उन्होंने दोनों नेताओं की कार्यप्रणाली और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल उठाए।

अखिल बख्शी ने कहा कि 1 जनवरी 2027 को पूर्व विधायक अजय महाजन से जुड़े कई मुद्दों की जानकारी जनता के सामने रखी जाएगी। उन्होंने इसे नूरपुर की जनता के लिए एक तरह का ‘तोहफा’ बताया और कहा कि आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सार्वजनिक किया जाएगा।

जनता से जुड़ा स्वास्थ्य का मुद्दा बताया

अखिल बख्शी ने कहा कि मातृ-शिशु अस्पताल को शुरू करवाने की मांग केवल उनकी व्यक्तिगत मांग नहीं है, बल्कि यह नूरपुर क्षेत्र की जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मुद्दा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और लोगों को उपचार के लिए अन्य स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने आंदोलन के दौरान समर्थन देने वाली महिलाओं, युवाओं और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। साथ ही कहा कि यदि भविष्य में इस मुद्दे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन का अगला कदम तय किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें