मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पेंशनरों का सुक्खू सरकार के खिलाफ हल्ला बोल, 19 नवंबर को परिवार सहित तपोवन विधानसभा घेरने की चेतावनी

सार

हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों ने सुक्खू सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हमीरपुर के गांधी चौक पर 18 संगठनों से जुड़े पेंशनरों ने लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। पेंशनरों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने और वार्ता के लिए नहीं बुलाने पर 19 नवंबर को परिवार सहित तपोवन विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन में 10 से 15 हजार पेंशनरों के शामिल होने का दावा किया गया है।

TV Incharge

3 मिनट
पेंशनरों का सुक्खू सरकार के खिलाफ हल्ला बोल, 19 नवंबर को परिवार सहित तपोवन विधानसभा घेरने की चेतावनी

हमीरपुर के गांधी चौक पर 18 संगठनों के पेंशनरों ने किया प्रदर्शन, लंबित वित्तीय देयों और अन्य मांगों को लेकर जताई नाराजगी; 10 से 15 हजार पेंशनरों के जुटने का दावा

हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सुक्खू सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया।

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ से जुड़े 18 संगठनों के पेंशनरों ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगें पूरी नहीं कीं और वार्ता के लिए नहीं बुलाया तो 19 नवंबर को तपोवन धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान परिवार सहित विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने कहा कि सरकार लंबे समय से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 70 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके वित्तीय देय लाभ देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कर्मचारियों को उनका हक नहीं मिला है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगें पूरी नहीं कीं तो 18 संगठनों के बैनर तले 19 नवंबर को तपोवन में जोरदार घेराव किया जाएगा।

हाईकोर्ट के आदेशों की अनदेखी का लगाया आरोप

संघर्ष समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह डटवालिया ने कहा कि हमीरपुर में हुए प्रदर्शन में 18 संगठनों के प्रतिनिधियों और पेंशनरों ने भाग लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सरकार उनका पालन नहीं कर रही है। बिजली विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी ओपीएस सहित अन्य मांगों को लेकर नाराजगी जाहिर की।

पेंशनरों ने सवाल उठाया कि आखिर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने हक के लिए सड़कों पर उतरने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तुरंत वार्ता बुलाकर समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

19 नवंबर को तपोवन में जुटेंगे हजारों पेंशनर

पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो 19 नवंबर को परिवार सहित तपोवन विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

समिति का दावा है कि इस आंदोलन में प्रदेशभर से 10 से 15 हजार पेंशनर शामिल हो सकते हैं। पेंशनरों ने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से मांगों की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें