मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

एचआरटीसी पेंशनरों का फूटा गुस्सा, 27 नवंबर को मुख्यालय का करेंगे घेराव

सार

हिमाचल में एचआरटीसी पेंशनरों का वित्तीय लाभ नहीं मिलने को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पेंशनर्स कल्याण संगठन ने सरकार और निगम प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए 27 नवंबर को मुख्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। पेंशनरों ने संशोधित वेतनमान का एरियर, लंबित पेंशन और पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता जल्द जारी करने की मांग उठाई है।

TV Incharge

2 मिनट
एचआरटीसी पेंशनरों का फूटा गुस्सा, 27 नवंबर को मुख्यालय का करेंगे घेराव

वित्तीय लाभ और पेंशन जारी न होने से नाराज पेंशनर्स कल्याण संगठन ने सरकार व निगम प्रबंधन को दी आंदोलन की चेतावनी, पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की भी उठाई मांग

हिमाचल प्रदेश में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पेंशनरों में लंबित वित्तीय लाभ नहीं मिलने को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। पेंशनरों ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन पर लगातार आश्वासन देने के बावजूद उनकी मांगों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है।

हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 27 नवंबर को प्रदेशभर के पेंशनर मुख्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।

संगठन की मासिक बैठक सचिव ओमप्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों ने लंबित वित्तीय लाभों को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति रोष जताया। संगठन के अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि अन्य विभागों के पेंशनरों को वर्ष 2016 के संशोधित वेतनमान का एरियर दिया जा रहा है, जबकि एचआरटीसी के पेंशनरों को इस लाभ से वंचित रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी सेवानिवृत्ति के एक साल बाद भी अपने वित्तीय लाभों का इंतजार कर रहे हैं। कुछ कर्मचारियों की पेंशन तक शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, संगठन के मुख्य सलाहकार उत्तम सिंह ने नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर पेंशनरों को भी तुरंत पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को उनके लंबित वित्तीय लाभ जल्द जारी किए जाने चाहिए।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि वार्ता के दौरान सभी लंबित लाभ एक साथ देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक मांगें पूरी नहीं हुई हैं। संगठन ने सरकार और निगम प्रबंधन से जल्द सकारात्मक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट किया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 27 नवंबर को मुख्यालय का घेराव कर आंदोलन तेज किया जाएगा।

इस बैठक में राजकुमार, इंदर सिंह, सुरेश कुमार, देवराज, महेश नाथ, साहब चंद, रीता देवी और रीता कुमारी सहित संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • एचआरटीसी
  • पेंशनर्स
  • महंगाई भत्ता
  • वित्तीय लाभ
  • पेंशन
  • विरोध प्रदर्शन

इस खबर को शेयर करें