मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ऊना में पेंशनर्स का धरना तीसरे दिन भी जारी, बोले- यह किसी पार्टी की नहीं, अपने हक की लड़ाई

सार

हिमाचल प्रदेश के ऊना में पेंशनर्स का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में पेंशनर्स ने लंबित एरियर, महंगाई भत्ते और अन्य वित्तीय लाभ जारी करने की मांग उठाई। पेंशनर नेताओं ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है।

TV Incharge

2 मिनट
ऊना में पेंशनर्स का धरना तीसरे दिन भी जारी, बोले- यह किसी पार्टी की नहीं, अपने हक की लड़ाई

लंबित एरियर और महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग, कांग्रेस-BJP विचारधारा से जुड़े पेंशनर्स एक मंच पर आए, मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के ऊना में लंबित वित्तीय लाभों की मांग को लेकर पेंशनर्स का आंदोलन लगातार जारी है। जिला मुख्यालय स्थित एमसी पार्क में संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में चल रहा धरना शनिवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गया।

इस दौरान विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के सदस्यों ने एकजुट होकर सरकार से लंबित एरियर, महंगाई भत्ते (DA) और अन्य वित्तीय देनदारियों का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए पेंशनर नेता यशपाल सिंह रायजादा ने कहा कि यह किसी राजनीतिक पार्टी की लड़ाई नहीं है, बल्कि पेंशनर्स के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि धरने में कांग्रेस और भाजपा समेत अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े पेंशनर्स शामिल हो रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि पेंशनर वर्ग अपने अधिकारों के लिए एकजुट है।

यशपाल सिंह रायजादा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक इस उम्र में शौक से सड़कों पर नहीं उतरते, बल्कि अपनी मांगों को लेकर मजबूरन संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को पिछली सरकार की ओर से दिए गए 50 हजार रुपये के अलावा शेष एरियर का भुगतान नहीं हुआ है। सरकार को अपने खर्चों में कटौती करने के साथ कर्मचारियों और पेंशनर्स के वित्तीय हितों का भी ध्यान रखना चाहिए।

वहीं, संयुक्त संघर्ष समिति के जिला समन्वयक हरमेश सिंह राणा ने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का एरियर, लाखों रुपये का महंगाई भत्ता (DA) एरियर और अन्य वित्तीय देनदारियां लंबित हैं। उन्होंने सरकार से इनका जल्द भुगतान करने की मांग की।

हरमेश सिंह राणा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पेंशनर्स ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें उनके लंबित वित्तीय लाभ नहीं मिलते, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें