मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से, 6 बैठकों में उठेंगे जनहित के मुद्दे

सार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 नवंबर से धर्मशाला के तपोवन में शुरू होगा। 21 नवंबर तक चलने वाले इस सत्र में कुल छह बैठकें होंगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के अनुसार विधायकों की ओर से अब तक 414 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 291 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। 19 नवंबर को प्राइवेट मेंबर डे आयोजित होगा। वहीं, विधानसभा परिसर में मीडिया कवरेज को लेकर भी नए दिशा-निर्देश स्पष्ट किए गए हैं।

TV Incharge

4 मिनट
हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से, 6 बैठकों में उठेंगे जनहित के मुद्दे

16 से 21 नवंबर तक तपोवन में चलेगा 14वीं विधानसभा का 13वां सत्र, विधायकों की ओर से 414 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त; 19 नवंबर को होगा प्राइवेट मेंबर डे, विधानसभा परिसर में मीडिया के लिए नए दिशा-निर्देश लागू

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 नवंबर से धर्मशाला के तपोवन में शुरू होने जा रहा है। 21 नवंबर तक चलने वाले 14वीं विधानसभा के 13वें सत्र में कुल छह बैठकें आयोजित होंगी।

सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी दी है कि सत्र के लिए विधायकों की ओर से अब तक कुल 414 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 291 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायक नंदलाल और कांगड़ा से संबंधित एक पूर्व विधायक के निधन पर सदन में शोकोद्गार होंगे। नंदलाल चार बार विधायक रहे थे और वर्तमान में स्टेट कमीशन के चेयरमैन थे। वहीं, कांगड़ा से संबंधित पूर्व विधायक करीब पांच बार विधानसभा के सदस्य रहे थे।

414 प्रश्नों की सूचनाएं सरकार को भेजीं

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सत्र के लिए प्राप्त 414 प्रश्नों में 291 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न हैं। सभी प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं और इन्हें संबंधित विभागों के जवाब के लिए सरकार के पास भेज दिया गया है।

तारांकित प्रश्नों के जवाब सदन में मौखिक रूप से दिए जाएंगे, जबकि अतारांकित प्रश्नों के उत्तर संबंधित विधायकों को लिखित रूप में उपलब्ध करवाए जाएंगे। पहले दिन के प्रश्नों की सूची तैयार हो चुकी है। सरकार से जवाब प्राप्त होने के बाद आगामी दिनों की प्रश्न सूची जारी की जाएगी।

19 नवंबर को होगा प्राइवेट मेंबर डे

पठानिया ने बताया कि नियम 62 के तहत अब तक करीब 13 विषय प्राप्त हुए हैं, जबकि नियम 63 के अंतर्गत तीन विषय आए हैं। इनमें एक अल्पकालीन चर्चा और दो घंटे की चर्चा से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं।

वहीं, नियम 101 के तहत प्राइवेट मेंबर डे के लिए तीन सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर दो से तीन घंटे की चर्चा के लिए नौ सूचनाएं विधानसभा सचिवालय को मिली हैं।

उन्होंने कहा कि 19 नवंबर को प्राइवेट मेंबर डे आयोजित किया जाएगा। इस दिन विधायक प्रदेशहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्ताव ला सकेंगे। इन प्रस्तावों के माध्यम से नीतियों में बदलाव, नई व्यवस्था लागू करने और मौजूदा प्रक्रियाओं में सुधार की जरूरत सदन के सामने रखी जा सकती है।

प्राप्त प्रस्तावों का बैलेट हो चुका है और बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में इनके लिए समय निर्धारित कर अंतिम रूप दिया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सत्र शुरू होने के बाद यदि प्रदेशहित से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण मुद्दा सामने आता है, तो संबंधित विधायक उसे सदन में उठाने की अनुमति मांग सकता है। विधानसभा सचिवालय विषय की गंभीरता और प्रासंगिकता को देखते हुए इस पर निर्णय लेगा।

विधानसभा परिसर में मीडिया के लिए नए दिशा-निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधानसभा परिसर में मीडिया कवरेज को लेकर नए दिशा-निर्देश भी स्पष्ट किए हैं। उन्होंने कहा कि परिसर में केवल राज्य और जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को प्रवेश की अनुमति दी जाती है। अन्य चैनलों के प्रतिनिधियों को भी निर्धारित नियमों के तहत प्रवेश दिया जाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा परिसर के भीतर केवल मौजूदा विधायक ही मीडिया को बाइट दे सकेंगे। किसी पूर्व विधायक या अन्य व्यक्ति को परिसर के अंदर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने, बाइट देने या इंटरव्यू देने की अनुमति नहीं होगी।

मीडिया संस्थान भी परिसर के भीतर मौजूदा विधायकों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का इंटरव्यू नहीं कर सकेंगे। हालांकि, विधानसभा परिसर से बाहर मीडिया अपनी सामान्य कार्यप्रणाली के तहत किसी का भी इंटरव्यू कर सकता है।

पठानिया ने बताया कि हाल ही में शिमला में हुई कुछ घटनाओं के बाद इस विषय को विधानसभा में संज्ञान में लिया गया था। एक पूर्व विधायक की ओर से विधानसभा परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कुछ मुद्दे उठाए गए थे। इसके बाद यह मामला सदन में भी आया और विधानसभा की ओर से इस संबंध में रूलिंग दी गई।

उन्होंने कहा कि मौजूदा विधायकों को विधानसभा परिसर और सदन में विशेषाधिकार एवं पूर्ण संरक्षण प्राप्त है। हालांकि सदन के भीतर सभी विधायकों को नियमों के अनुरूप आचरण करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन होने पर विधानसभा अध्यक्ष को नियमानुसार कार्रवाई करने का अधिकार है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • हिमाचल विधानसभा
  • शीतकालीन सत्र
  • कुलदीप सिंह पठानिया
  • विधानसभा सत्र
  • जनहित मुद्दे

इस खबर को शेयर करें