मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में अब मनमानी फीस वसूली पर लगेगी रोक, हॉस्टल लेना भी नहीं होगा अनिवार्य

सार

हिमाचल प्रदेश सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में मनमानी फीस वसूली और छात्रों पर हॉस्टल लेने की अनिवार्यता को खत्म करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब सभी मेडिकल कॉलेजों को पाठ्यक्रमवार अनुमोदित फीस का पूरा विवरण अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक करना होगा। किसी भी छात्र को प्रवेश, पढ़ाई या परीक्षा के लिए हॉस्टल लेने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकेगा।

TV Incharge

3 मिनट
हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में अब मनमानी फीस वसूली पर लगेगी रोक, हॉस्टल लेना भी नहीं होगा अनिवार्य

सरकार ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश, सभी कॉलेजों को पाठ्यक्रमवार फीस संरचना वेबसाइट पर सार्वजनिक करने के आदेश; फीस संबंधी शिकायतों के लिए अलग ई-मेल और फोन नंबर होंगे जारी

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों में मनमानी फीस वसूली पर रोक लगाने और छात्रों को हॉस्टल लेने के लिए बाध्य करने की शिकायतों को गंभीरता से लिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू) नेरचौक के कुलपति को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

अब प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों को पाठ्यक्रमवार फीस संरचना सार्वजनिक करनी होगी। इसमें सरकार की ओर से अनुमोदित सभी मान्य शुल्कों का पूरा विवरण शामिल रहेगा।

निर्देशों के अनुसार फीस का विवरण एएमआरयू और संबंधित मेडिकल कॉलेजों की वेबसाइट पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। इसके अलावा भविष्य में परीक्षा परिणाम घोषित होने के समय भी फीस की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी मेडिकल कॉलेजों में अनुमोदित फीस संरचना में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और उसका सख्ती से पालन हो। सरकार के संज्ञान में आया था कि कुछ कॉलेज निर्धारित दरों से अधिक फीस वसूल रहे हैं। वहीं, कुछ संस्थानों में छात्रों के लिए हॉस्टल की फीस भी अनिवार्य की जा रही थी।

हॉस्टल लेना अब छात्रों की इच्छा पर निर्भर

सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी छात्र के लिए हॉस्टल में रहना अनिवार्य नहीं होगा। केवल अपनी इच्छा से हॉस्टल की सुविधा लेने वाले छात्रों से ही सरकार की ओर से अनुमोदित दरों के अनुसार शुल्क लिया जाएगा।

किसी भी छात्र को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने, पढ़ाई जारी रखने या परीक्षा में बैठने के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से हॉस्टल लेने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकेगा।

इसके अलावा सीट आवंटन पत्र के साथ भी अनुमोदित फीस संरचना उपलब्ध करवाई जाएगी। सीट आवंटित होने वाले प्रत्येक छात्र को ई-मेल, व्हाट्सएप और रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से फीस का पूरा विवरण भेजा जाएगा। इससे प्रवेश के समय अतिरिक्त या अनधिकृत शुल्क को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं रहेगा।

फीस वसूली की शिकायतों के लिए जारी होंगे अलग नंबर

मेडिकल कॉलेजों में अधिक या अनधिकृत फीस वसूली की शिकायतों के निपटारे के लिए विश्वविद्यालय में अलग ई-मेल आईडी और फोन नंबर जारी किए जाएंगे। शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए भी व्यवस्था बनाई जाएगी। इसके साथ ही छात्रों और अभिभावकों को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत दर्ज करवाने की सुविधा के बारे में जानकारी दी जाएगी।

विश्वविद्यालय को इन दिशा-निर्देशों की अनुपालना रिपोर्ट 18 नवंबर तक प्रदेश सरकार को उपलब्ध करवानी होगी। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव मधु चौधरी की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों की सूची

  1. इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला।

  2. डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा (कांगड़ा)।

  3. श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेरचौक (मंडी)।

  4. डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर।

  5. पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा।

  6. डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन (सिरमौर)।

  7. महर्षि मारकंडेश्वर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कुमारहट्टी (सोलन), निजी क्षेत्र।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें