मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नाहन अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर भाजपा का प्रदर्शन, डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार को घेरा

सार

नाहन में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा ने आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर नाहन अस्पताल को रेफरल अस्पताल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने रेडियोलॉजी सेवाएं बंद होने, अस्पताल भवन की खराब हालत और मेडिकल कॉलेज के अधूरे निर्माण का मुद्दा उठाया।

TV Incharge

3 मिनट
नाहन अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर भाजपा का प्रदर्शन, डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार को घेरा

भाजपा ने निकाली आक्रोश रैली, मेडिकल कॉलेज भवन चार साल से अधूरा होने और रेडियोलॉजी सेवाएं बंद रहने का उठाया मुद्दा

हिमाचल प्रदेश के नाहन में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा ने आक्रोश प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में आक्रोश रैली निकालने के बाद डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में धरना दिया और नारेबाजी की।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नाहन अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं और अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गया है।

मीडिया से बातचीत में डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज को कांग्रेस सरकार ने अपनी नाकामियों का स्मारक बना दिया है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल से नाहन और सिरमौर के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए थीं, लेकिन मरीजों को जरूरी उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर होना पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग पर ताले लगे हैं और अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन जैसी जरूरी सुविधाएं बंद पड़ी हैं। उन्होंने अस्पताल भवन की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छतों से पानी टपक रहा है, सीलिंग मरीजों पर गिर रही है और शौचालयों की हालत खराब है।

उनके अनुसार, मरीजों को उपचार के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन में करीब 260 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मेडिकल कॉलेज भवन चार साल से अधूरा पड़ा है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति के लिए प्रदेश सरकार और नाहन के विधायक को जिम्मेदार ठहराया।

डॉ. बिंदल ने मातृ-शिशु अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने नाहन में मातृ-शिशु अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज को स्वीकृति दी थी।

नर्सिंग कॉलेज वर्ष 2024 में शुरू होना था और इसके लिए केंद्र सरकार ने 70 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया था। प्रदेश सरकार ने भी अपने बजट में इसकी घोषणा की थी, लेकिन अभी तक नर्सिंग कॉलेज शुरू नहीं हो पाया है।

मातृ-शिशु अस्पताल के लिए भूमि चयन को लेकर डॉ. बिंदल ने कहा कि जानकारी मिल रही है कि अब नाहन से 6-7 किलोमीटर दूर जमीन देखी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मौजूदा अस्पताल के साथ ही भूमि का चयन किया जा चुका था और पेड़ भी काटे जा चुके थे, तो अब दूसरी जगह जमीन तलाशने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।

उन्होंने सरकार से पहले से चयनित भूमि पर काम नहीं होने को लेकर भी सवाल किए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें