मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चार साल से अधूरा दमेला पुल, कछुआ गति से चल रहे निर्माण पर ग्रामीणों में आक्रोश

सार

मंडी के पधर में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बन रहा दमेला पुल चार साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य बंद होने और अस्थायी सड़क भी बंद होने से ग्रामीणों को कई किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग ने 15-20 दिनों में पुल का काम शुरू करने की बात कही है।

TV Incharge

3 मिनट
चार साल से अधूरा दमेला पुल, कछुआ गति से चल रहे निर्माण पर ग्रामीणों में आक्रोश

डेढ़ करोड़ की लागत से बन रहा पुल, निर्माण रुकने से आधा दर्जन से अधिक पंचायतों के लोगों की बढ़ी परेशानी; PWD ने 15-20 दिन में काम शुरू करने का दिया भरोसा

लोक निर्माण विभाग पधर के अधीन करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे दमेला पुल का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। पुल का काम कछुआ गति से होने और अब निर्माण कार्य बंद होने से स्थानीय लोगों में सरकार और लोक निर्माण विभाग के प्रति नाराजगी है।

वीरवार को ग्राम पंचायत भड़वाहन के गांव बटाहर के ग्रामीण दमेला पहुंचे और पुल निर्माण में हो रही देरी को लेकर सरकार व विभाग के प्रति रोष जताया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब चार साल से पुल का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है।

आधा दर्जन से अधिक पंचायतों को मिलेगा लाभ

ग्रामीणों के अनुसार दमेला पुल के बनने से क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा पुल तैयार होने से पधर उपमंडल तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उनका रोजाना आना-जाना दोनों तरफ रहता है, लेकिन पुल का निर्माण पूरा न होने के कारण खासकर बरसात के दौरान उन्हें कई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय कर दमेला पहुंचना पड़ता है। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं।

बच्चों को करना पड़ रहा 50 से 70 किलोमीटर अतिरिक्त सफर

ग्रामीणों ने बताया कि उनके बच्चे पढ़ाई के लिए पधर के स्कूल और कॉलेज जाते हैं। पुल नहीं होने के कारण बच्चों को कई बार करीब 50 से 70 किलोमीटर तक का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने बरसात से पहले आवाजाही के लिए अस्थायी सड़क बनाई थी, लेकिन उसे भी अब तक ठीक नहीं किया गया है। इसके चलते दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। पुल का निर्माण कार्य भी बंद पड़ा है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

विधायक से जल्द निर्माण पूरा करवाने की मांग

ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक पूर्ण चंद ठाकुर से भी मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुल का निर्माण जल्द पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और पधर तक पहुंचने में लगने वाला अतिरिक्त समय भी बचेगा।

इस मौके पर उपप्रधान कमांडो जितेंद्र ठाकुर, पूर्व प्रधान दर्शन कटारिया, कुफरी वार्ड की पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य चंपा देवी, चमन लाल, बालक राम, हंस राज, हेमलता, पुष्पा, सलमा, संजू, शकुंतला, कौशल्या देवी, गीता, रीता, रिंकी, गीता सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

PWD ने कहा- 15-20 दिन में शुरू होगा पुल का काम

लोक निर्माण विभाग पधर के एसडीओ प्रदीप पटियाल ने बताया कि पहले वाले ठेकेदार ने कार्य अधूरा छोड़ दिया था। इस कारण कार्य को री-टेंडर किया गया है। उन्होंने बताया कि पुल के टेंडर की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है और 15-20 दिनों में पुल का कार्य शुरू हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए एक-दो दिनों में अस्थायी सड़क को चालू कर दिया जाएगा, ताकि आवाजाही बहाल हो सके और ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • दमेला पुल
  • ग्रामीण आक्रोश
  • निर्माण कार्य
  • लोक निर्माण विभाग
  • पंचायत समस्या
  • सड़क विकास
  • पश्चिमी हिमाचल
  • पंचायतें
  • सड़क समस्या
  • सामाजिक मुद्दे

इस खबर को शेयर करें