मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राष्ट्रगान विवाद पर विक्रमादित्य सिंह का BJP पर हमला, बोले- जनहित के मुद्दों पर चर्चा करे विपक्ष

सार

हिमाचल विधानसभा में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के कथित अपमान को लेकर जारी विवाद के बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और पिछले तीन दिनों से सदन की कार्यवाही बाधित करने की कोशिश की जा रही है। मंत्री ने कहा कि मानसून के बाद प्रदेश में करीब 800 किलोमीटर सड़कों की टारिंग करवाई जाएगी।

3 मिनट
राष्ट्रगान विवाद पर विक्रमादित्य सिंह का BJP पर हमला, बोले- जनहित के मुद्दों पर चर्चा करे विपक्ष

कहा- तीन दिन से विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने की कोशिश, मानसून के बाद 800 किमी सड़कों की होगी टारिंग

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के कथित अपमान को लेकर जारी विवाद के बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और पिछले तीन दिनों से राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत के मुद्दे को लेकर विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों का देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है। कांग्रेस के नेताओं का भी इनके साथ योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोनों का सम्मान करती है, लेकिन विपक्ष को राजनीतिक मुद्दों के बजाय प्रदेश और जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों को विधानसभा में उठाना चाहिए।

महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर चर्चा करे विपक्ष

लोक निर्माण मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास चर्चा के लिए कोई ठोस विषय नहीं है। इसलिए जनता का ध्यान भटकाने के लिए बार-बार ऐसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, चीनी, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमत जैसे आम जनता से जुड़े कई मुद्दे हैं। विपक्ष को इन विषयों पर चर्चा करनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय जनता का ध्यान दूसरे मुद्दों की ओर मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सम्मान होना चाहिए, लेकिन हर दिन इसी मुद्दे को उठाकर खुद को सबसे बड़ा देशभक्त साबित करने की कोशिश से प्रदेश की जनता का कोई भला नहीं होगा।

उन्होंने विपक्ष से वास्तविक जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने की अपील की।

बाइट— विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण मंत्री, हिमाचल प्रदेश

सड़कों की मरम्मत के लिए सरकार कर रही प्रयास

हिमाचल में सड़कों की खस्ता हालत और समय पर टारिंग नहीं होने के मुद्दे पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार सड़कों की मरम्मत के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य की सड़कों और लोक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ बरसात से हुए नुकसान को भी ठीक किया जा रहा है।

मार्च-अप्रैल में टारिंग न होना सरकार की कमी : विक्रमादित्य

विक्रमादित्य सिंह ने विधानसभा में मार्च और अप्रैल के दौरान सड़कों की टारिंग नहीं हो पाने को सरकार की कमी माना। उन्होंने कहा कि बिटुमिन की कीमतें बढ़ने के कारण यह समस्या सामने आई थी, लेकिन अब इसकी भरपाई के लिए बजट का प्रावधान किया गया है।

मानसून के बाद 800 किलोमीटर सड़कों की होगी टारिंग

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि मानसून खत्म होने के बाद पूरे प्रदेश में करीब 800 किलोमीटर सड़कों की टारिंग करवाई जाएगी। इसके साथ ही बरसात के कारण सड़कों को हुए नुकसान की भी मरम्मत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के पास उपलब्ध बजट के अनुसार ही विकास कार्य करवाए जा सकते हैं। सरकार पहले बजट का प्रबंध करती है और उसके बाद उसे धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाता है।

प्रभावित क्षेत्रों का खुद करेंगे निरीक्षण

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह खुद प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर बरसात से हुए सड़क नुकसान का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिक प्रभावित क्षेत्रों में मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत का काम समय पर पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें