मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत विवाद पर धर्माणी का BJP पर हमला, बोले- विवाद खड़ा करने वाले मांगें माफी

सार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी मुद्दा बन गया है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों देश के सम्मान के प्रतीक हैं। उन्होंने भाजपा पर राष्ट्रवाद के मुद्दे पर राजनीति करने और गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

3 मिनट
राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत विवाद पर धर्माणी का BJP पर हमला, बोले- विवाद खड़ा करने वाले मांगें माफी

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा- राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों सम्मान के प्रतीक, भाजपा राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कर रही राजनीति

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक तकरार में बदल गया है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों देश के सम्मान के प्रतीक हैं। ऐसे में इन दोनों की तुलना कर विवाद खड़ा करने वालों को माफी मांगनी चाहिए।

यह विवाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से भाजपा विधायक दल पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाए जाने के बाद शुरू हुआ। इसके बाद भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने विधानसभा सचिवालय के वीडियो का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री से माफी मांगने की मांग की थी। अब राजेश धर्माणी ने भाजपा की इस मांग पर पलटवार किया है।

राष्ट्रगान के दौरान सावधान मुद्रा में खड़ा होना स्वाभाविक : धर्माणी

राजेश धर्माणी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की ओर से राष्ट्रगान के लिए आदेश दिए जाने के बाद सभी सदस्यों का सावधान मुद्रा में खड़ा होना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान शुरू होने से ठीक पहले और उसके तुरंत बाद भाजपा विधायकों की ओर से सदन की शुरुआत राष्ट्रगान के बजाय राष्ट्रगीत से किए जाने की बात कहना कई सवाल खड़े करता है।

विधानसभा की व्यवस्था और परंपरा पर निर्भर करता है क्रम

धर्माणी ने कहा कि संसद से पारित कानून और बाद में जारी अधिसूचना में कहीं भी यह निर्देश नहीं दिया गया है कि विधानसभा में पहले राष्ट्रगान ही गाया जाएगा या राष्ट्रगीत।

उन्होंने कहा कि सदन में इस तरह की व्यवस्था और परंपरा का निर्धारण विधानसभा स्तर पर होता है। विधानसभा अध्यक्ष इस मामले में अपना निर्णय पहले ही सुना चुके हैं।

भाजपा पर राष्ट्रवाद के नाम पर राजनीति का आरोप

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने भाजपा पर राष्ट्रवाद के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार ऐसे मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान अन्य गंभीर मामलों से भटकाने की कोशिश करती है।

धर्माणी ने राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और जमीनों की खरीद में कथित धांधली के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं से जुड़े कई गंभीर मुद्दे हैं, जिन पर चर्चा होनी चाहिए।

NEET और भर्ती पेपर लीक का मुद्दा उठाया

धर्माणी ने NEET पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसे लेकर देशभर के युवाओं में आक्रोश है। उन्होंने हिमाचल में पुलिस और जेबीटी भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक का भी आरोप लगाया।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारी चयन आयोग को बंद कर भर्ती व्यवस्था में बदलाव किया, ताकि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

वंदे मातरम् विवाद पर भी भाजपा को घेरा

धर्माणी ने आरोप लगाया कि भाजपा इन गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए वंदे मातरम् को लेकर विवाद खड़ा कर रही है।

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् सम्मान और आस्था का प्रतीक है। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों का अपना सम्मान है, लेकिन दोनों की तुलना कर राजनीतिक विवाद पैदा करना उचित नहीं है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें