मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

महंगाई पर कांग्रेस नेता संदीप सांख्यान का केंद्र पर हमला, बोले- चीनी के बढ़ते दाम से आम जनता परेशान

सार

देश में बढ़ती महंगाई को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मीडिया कॉर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने चीनी के बढ़ते दामों, बेरोजगारी और रुपये के अवमूल्यन को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

3 मिनट
महंगाई पर कांग्रेस नेता संदीप सांख्यान का केंद्र पर हमला, बोले- चीनी के बढ़ते दाम से आम जनता परेशान

संदीप सांख्यान ने कहा- 40-45 रुपये किलो वाली चीनी अब 55-75 रुपये तक पहुंची, महंगाई रोकने में केंद्र सरकार नाकाम

देश में लगातार बढ़ती महंगाई को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मीडिया कॉर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल होता जा रहा है।

संदीप सांख्यान ने कहा कि अमृतकाल में विकसित भारत का सपना दिखाने वाली भाजपा सरकार का असल चरित्र अब सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे दिन आने की बात करने वाली केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।

उन्होंने चीनी के बढ़ते दामों का हवाला देते हुए कहा कि पहले चीनी करीब 40 से 45 रुपये प्रति किलो मिल रही थी, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 55 से 75 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। त्योहारों के सीजन की शुरुआत में चीनी के दामों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों पर पड़ रहा है।

संदीप सांख्यान ने कहा कि भारत कभी चीनी का निर्यात करता था, लेकिन अब चीनी का आयात करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि रुपये के अवमूल्यन के कारण आयातित खाद्यान्न के लिए देश को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश का बैलेंस ऑफ पेमेंट भी प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि देश जिन परिस्थितियों से गुजर रहा है, उसमें आम जनता पर महंगाई का लगातार बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि देश का चौकीदार गहरी नींद में है।

संदीप सांख्यान ने बेरोजगारी के मुद्दे को भी उठाते हुए कहा कि देश के सांख्यिकी विभाग की ओर से जारी बेरोजगारी के आंकड़े भी चिंताजनक हैं। उनके अनुसार देश में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या करीब 9 करोड़ तक पहुंच चुकी है।

उन्होंने कहा कि चीनी का इस्तेमाल हर घर, दुकान, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में होता है। ऐसे में चीनी की कीमतों में तेजी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।

संदीप सांख्यान ने कहा कि मंडियों में चीनी का औसत थोक भाव करीब 6,345 रुपये प्रति क्विंटल, यानी लगभग 63.45 रुपये प्रति किलो चल रहा है। दिल्ली और कानपुर जैसी प्रमुख थोक मंडियों में स्पॉट रेट करीब 6,400 से 6,500 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बताए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मंडियों में चीनी का निचला भाव करीब 4,100 रुपये प्रति क्विंटल और ऊंचा भाव 8,215 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों के कारण चीनी अब आम लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरत के बजाय खास मौकों पर इस्तेमाल होने वाली वस्तु बनती जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से महंगाई और चीनी के बढ़ते दामों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें