मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शीतकालीन सत्र से पहले आरएस बाली का भाजपा पर हमला, बोले- सदन बहस के लिए है, वॉकआउट के लिए नहीं

सार

धर्मशाला में 16 नवंबर से शुरू होने वाले हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले कांग्रेस विधायक एवं एचपीटीडीसी चेयरमैन आरएस बाली ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा जनता के मुद्दों पर बहस करने का मंच है, लेकिन विपक्ष चर्चा करने के बजाय वॉकआउट करता है। बाली ने कांग्रेस सरकार की गारंटियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों को लेकर भी अपनी बात रखी।

TV Incharge

4 मिनट
शीतकालीन सत्र से पहले आरएस बाली का भाजपा पर हमला, बोले- सदन बहस के लिए है, वॉकआउट के लिए नहीं

कांग्रेस ने हिमाचल में सबसे अधिक दिनों तक चलाए विधानसभा सत्र, विपक्ष जनता के मुद्दे उठाने के बजाय करता है वॉकआउट : आरएस बाली; 1500 रुपये की गारंटी को बताया बड़ी उपलब्धि

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के चेयरमैन आरएस बाली ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा जनता और प्रदेश के मुद्दों पर चर्चा करने का मंदिर है, लेकिन भाजपा विपक्ष में रहते हुए चर्चा करने के बजाय बार-बार वॉकआउट का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि सदन का उद्देश्य जनहित से जुड़े मुद्दों, अपने क्षेत्र, जिले और विभागों की समस्याओं को उठाना है, लेकिन विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय सदन की कार्यवाही से बाहर चला जाता है।

आरएस बाली ने कहा कि धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र आयोजित करने की परंपरा कांग्रेस की देन है। पूर्व कांग्रेस सरकार ने धर्मशाला में विधानसभा का पहला सत्र आयोजित किया था और विधानसभा भवन का निर्माण भी कांग्रेस ने करवाया था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने भी विपक्ष को सदन में अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय दिया है, लेकिन विपक्ष इसका सही इस्तेमाल नहीं कर रहा है।

नई शादी का उदाहरण देकर भाजपा विधायक पर कसा तंज

धर्मशाला के भाजपा विधायक की ओर से सरकार और कांग्रेस की गारंटियों पर लगातार की जा रही टिप्पणियों को लेकर आरएस बाली ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना। जब संबंधित विधायक कांग्रेस में थे तो पार्टी और सरकार की तारीफ करते थे, लेकिन भाजपा में जाने के बाद उनकी भूमिका बदल गई है।

बाली ने नई शादी का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह नई दुल्हन परिवार में अपनी जगह बनाने का प्रयास करती है, उसी तरह भाजपा में नए-नए गए विधायक भी अपनी जगह बनाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें कई बार विधायक बनने का मौका दिया और मंत्री पद तक पहुंचाया। उनके परिवार का भी कांग्रेस से पुराना नाता रहा है।

1500 रुपये की गारंटी को बताया बड़ी उपलब्धि

कैबिनेट बैठक में 300 यूनिट मुफ्त बिजली के मुद्दे और कांग्रेस की चुनावी गारंटियों पर उठ रहे सवालों के जवाब में आरएस बाली ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद अपनी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम किया है।

उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में ही ओपीएस लागू करने का निर्णय लिया गया था। महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी भी चरणबद्ध तरीके से शुरू की गई है और अब करीब साढ़े तीन लाख महिलाओं को इसका लाभ देने की दिशा में काम किया गया है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे छोटे प्रदेश में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देना छोटी उपलब्धि नहीं है। बाली ने भाजपा से सवाल किया कि पिछली सरकार ने ओपीएस और महिलाओं को 1500 रुपये देने जैसी गारंटियां क्यों पूरी नहीं कीं।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कामकाज से प्रदेश में पार्टी के दोबारा सत्ता में आने का रास्ता मजबूत हो रहा है।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुआ बड़ा काम : आरएस बाली

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए आरएस बाली ने कहा कि सरकार मस्त नहीं, बल्कि लगातार काम कर रही है।

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की रैंकिंग में सुधार का हवाला देते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में एमआरआई, सीटी स्कैन और रोबोटिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर सेवाओं को बेहतर बनाया गया है। इसके अलावा राजस्व और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी काम हुआ है।

बाली ने कहा कि सरकार की नीति भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की है। विपक्ष चार साल के कार्यकाल में किसी मंत्री या विधायक पर भ्रष्टाचार का एक ठोस आरोप तक साबित नहीं कर पाया है।

सुंदर सिंह ठाकुर के मामले में हाईकमान लेगा फैसला

कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर आरएस बाली ने कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर पार्टी के वरिष्ठ विधायक हैं और दूसरी बार विधानसभा पहुंचे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी से जुड़े मामलों पर अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान लेता है।

उन्होंने कहा कि यदि सुंदर सिंह ठाकुर ने व्यक्तिगत तौर पर कोई टिप्पणी की है तो इस बारे में उनसे ही पूछा जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के सभी नेता पार्टी के दायरे में एकजुट हैं और सुंदर सिंह ठाकुर का पार्टी में पूरा सम्मान है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें