उपमुख्यमंत्री ने 10 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, 20 हजार से अधिक लोगों को मिलेगी मस्सल पेयजल योजना की सुविधा
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की करीब 150 करोड़ रुपये की विभिन्न उठाऊ सिंचाई, पेयजल और मल निकासी योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नगरोटा बगवां से बड़ोह तक बस में यात्रा भी की। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां विधायक आर. एस. बाली भी मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने अपने एक दिवसीय दौरे की शुरुआत बलधर और सिंहुंड से की, जहां उन्होंने 6.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बलधर एवं सिंहुंड चरण-एक तथा सिंहुंड चरण-दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से करीब 135 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
इसके बाद पठियार में उन्होंने एनडीबी के तहत 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मस्सल पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से अंबारी, चाड़ी, लखमंडल, मंजीती उपरली, मलां, मस्सल, मुलाखड़ और पठियार की आठ पंचायतों के 40 गांवों में रहने वाली 20 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। योजना के तहत करीब 133 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है।
उपमुख्यमंत्री ने कीरचंबा में ठारू, कबाड़ी, हटवास, कीरचंबा और सुनेहड़ पंचायतों के लिए 76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली मल निकासी योजना का शिलान्यास किया। इसके बाद नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
बड़ोह में मुकेश अग्निहोत्री ने एडीबी के तहत पुरानी पेयजल योजनाओं मालनू, नेरा ठम्बा, बड़ोह, बुस्सल-2 और टोरू के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस परियोजना पर 35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन कार्यों को पूरा करने की समय-सीमा 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
विभिन्न स्थानों पर आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पेयजल, सिंचाई और सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाएं सीधे तौर पर आम लोगों के जीवन से जुड़ी हैं और इनके बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुकेश अग्निहोत्री ने नगरोटा बगवां के विकास में स्वर्गीय जी.एस. बाली के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली ने क्षेत्र में विकास की कई परियोजनाएं शुरू कर नगरोटा बगवां को एक अलग पहचान दिलाई। उन्होंने विधायक आर.एस. बाली की भी सराहना करते हुए कहा कि वे अपने पिता की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।
HRTC में चालकों और परिचालकों की भर्ती
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम में चालकों और परिचालकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने HRTC को प्रदेश के लोगों की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि निगम को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि निगम से 500 पुरानी बसों को हटाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में HRTC के लिए नई बसों की खरीद नहीं हुई, जिसके कारण बसों की कमी हुई। उन्होंने कहा कि 297 इलेक्ट्रिक बसों को निगम में शामिल करने के बाद लंबे रूटों के लिए 200 डीजल बसें खरीदी जाएंगी। इसके अलावा 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की भी योजना है।
नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया।
इस अवसर पर HRTC के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र काकू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मान सिंह, BDC अध्यक्ष रेणु बाला, BDC उपाध्यक्ष सुदेश पराशर, ग्राम पंचायत बड़ोह की प्रधान ममता देवी, ग्राम पंचायत बुस्सल के प्रधान प्रीतम चंद, ग्राम पंचायत बड़ग्रां के प्रधान डॉ.
मदन लाल, मुख्य अभियंता आईपीएच दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता आईपीएच विशाल जसवाल, मुख्य अभियंता एडीबी हेमंत तंवर, अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा और HRTC के डिवीजनल मैनेजर पंकज चड्ढा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube