शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया अभियान का समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स सम्मानित; विभिन्न राज्यों के 70 कैडेट्स ने लिया हिस्सा
गोबिंद सागर जलाशय में आयोजित 12 दिवसीय ‘संकल्प सेलिंग एक्सपेडिशन-2026’ का शुक्रवार को लुहणू घाट, बिलासपुर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लुहणू घाट पर ध्वजारोहण कर अभियान के समापन की घोषणा की।
अभियान में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से करीब 70 एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लिया। कैडेट्स ने गोबिंद सागर जलाशय में लगभग 330 किलोमीटर की दूरी तय कर साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सभी एनसीसी कैडेट्स को सफल अभियान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कैडेट्स से अभियान के दौरान मिले अनुभवों और जीवन मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि एनसीसी में सीखा अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना युवाओं के व्यक्तित्व विकास में लंबे समय तक उपयोगी रहती है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की वीरभूमि की परंपरा का उल्लेख करते हुए मेजर सोमनाथ शर्मा, सूबेदार मेजर धन सिंह थापा, कैप्टन विक्रम बत्रा और बिलासपुर से जुड़े मेजर जोरावर सिंह जैसे वीरों की
गौरवगाथाओं का जिक्र किया। उन्होंने कैडेट्स से इन वीरों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने को कहा।
शिक्षा मंत्री ने ‘संकल्प’ सेलिंग एक्सपेडिशन के दौरान कैडेट्स द्वारा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत, नारी शक्ति सशक्तिकरण और स्वस्थ समाज जैसे संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। उनके सर्वांगीण विकास, व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास और कौशल निर्माण पर भी ध्यान देना आवश्यक है। उनके अनुसार एनसीसी जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और टीम भावना विकसित करने में मदद करती हैं।
रोहित ठाकुर ने शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की साक्षरता दर 99.50 प्रतिशत तक पहुंच गई है और हिमाचल देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है, ताकि युवा बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
समापन समारोह के दौरान बहुउद्देशीय सांस्कृतिक परिसर, बिलासपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेट्स ने हिमाचली नाटी, हरियाणवी नृत्य और गिद्दा सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली। शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को समझने के साथ राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान ‘संकल्प सेलिंग एक्सपेडिशन-2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री ने कैडेट्स के साहस, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, बम्बर ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह, कर्नल जी.पी. सिंह, कर्नल आदित्य वर्मा, 1 एचपी नवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर के कमांडिंग ऑफिसर सज्जन कुमार, एनसीसी अधिकारी, एएनओ, कैडेट्स, एसडीएम तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
शिक्षा मंत्री ने अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले एनसीसी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, एएनओ, कैडेट्स और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube