खड़ा डंडा रोड समेत पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों की हालत पर उठे सवाल, NHAI और प्रशासन के साथ जल्द होगी बैठक
पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले धर्मशाला-मैक्लोडगंज समेत क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों की हालत सुधारने की कवायद तेज होने की उम्मीद है। सड़कों की जर्जर स्थिति को लेकर उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जल्द ही जिला स्तर पर बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि सड़कों की मरम्मत को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है। विधानसभा में भी उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति को लेकर प्रश्न उठाया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री की ओर से मरम्मत के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है और इस दौरान धर्मशाला तथा मैक्लोडगंज में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़कों की बेहतर स्थिति यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है।
पठानिया ने बताया कि रास्ते में उनकी एसपी कांगड़ा से भी इस विषय पर चर्चा हुई है। जल्द ही प्रशासन, NHAI और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़कों की मरम्मत को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
धर्मशाला से मैक्लोडगंज जाने वाले खड़ा डंडा रोड की खराब हालत को लेकर भी केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस सड़क को भी दुरुस्त करवाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्यटन सीजन से पहले सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर काम में तेजी लाई जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube