मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नाहन मेडिकल कॉलेज में विशाल रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

सार

डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की। सीएमओ डॉ. राकेश प्रताप ने रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं से आगे आने की अपील की।

TV Incharge

3 मिनट
नाहन मेडिकल कॉलेज में विशाल रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

सीएमओ डॉ. राकेश प्रताप ने किया शिविर का शुभारंभ, बोले- आपात स्थिति में किसी की जान बचा सकता है रक्तदान

डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. राकेश प्रताप ने किया। इस दौरान रक्तदान करने पहुंचे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मीडिया से बातचीत करते हुए सीएमओ डॉ. राकेश प्रताप ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी भी आपात स्थिति में मरीज के लिए रक्त की आवश्यकता बेहद महत्वपूर्ण होती है और समय पर उपलब्ध रक्त किसी की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है और युवाओं को इसमें स्वेच्छा से आगे आकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है। ऐसे शिविरों के माध्यम से समाज के लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में भी सहयोग मिलता है। सीएमओ ने युवाओं से अपील की कि वे स्वस्थ होने की स्थिति में स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आएं।

वहीं, बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों को लेकर भी सीएमओ डॉ. राकेश प्रताप ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग डेंगू, मलेरिया और स्क्रब टायफस जैसी बीमारियों को लेकर पूरी तरह अलर्ट है।

मौसम में बदलाव के कारण इस समय डेंगू और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के मामले बढ़ने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है।

सीएमओ ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों के साथ जरूरी सुविधाएं और बेड उपलब्ध हैं। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को भी मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बीमारी से संबंधित किसी भी स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाया जा सके।

उन्होंने लोगों से भी एहतियात बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि जमा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन सकता है। इसके अलावा लोगों को पूरी बाजू के कपड़े पहनने और अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

सीएमओ ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, जोड़ों में दर्द या ठंड लगने जैसे लक्षण महसूस होते हैं, तो उन्हें इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण सामने आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करवानी चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय पर उपचार शुरू किया जा सके।

उधर, आरटीओ सिरमौर सोना चौहान ने भी रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान के महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और समाज के सभी लोगों को बढ़-चढ़कर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से आगे आकर रक्तदान कर रहे हैं, जो समाज सेवा की भावना को दर्शाता है।

सोना चौहान ने कहा कि रक्तदान किया गया रक्त आपातकालीन स्थिति में किसी जरूरतमंद की जान बचाने के काम आ सकता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और जरूरत के समय समाज के लिए आगे आने की अपील की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें