मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करेंगे प्रदेशभर के पेंशनर, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सार

हिमाचल प्रदेश के पेंशनरों ने लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बिलासपुर में पेंशनर फेडरेशन ने जिलाधीश कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रोष जताया। पेंशनरों ने 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करने और मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

TV Incharge

2 मिनट
19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करेंगे प्रदेशभर के पेंशनर, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

लंबित एरियर, मेडिकल बिल, ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट के भुगतान की मांग, बिलासपुर में जिलाधीश कार्यालय के बाहर किया धरना-प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश के पेंशनरों ने अपनी लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को हिमाचल प्रदेश पेंशनर फेडरेशन की जिला बिलासपुर इकाई ने जिलाधीश कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के प्रति रोष जताया। पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

इस दौरान हिमाचल प्रदेश पेंशनर फेडरेशन के स्टेट सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अमरनाथ धीमान ने कहा कि सरकार पेंशनरों की लंबित देनदारियों का भुगतान करने में लगातार देरी कर रही है। वर्ष 2016 से जनवरी 2022 तक के एरियर, मेडिकल बिल, ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट सहित करोड़ों रुपये के वित्तीय लाभ अभी तक लंबित हैं।

उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने पूरी जिंदगी सरकार की सेवा की है, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने ही हकों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

11 नवंबर से शुरू हुए क्रमिक धरने

अमरनाथ धीमान ने कहा कि पेंशनर धरना-प्रदर्शन और हड़ताल नहीं करना चाहते, लेकिन सरकार की अनदेखी उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर से विभिन्न पेंशनर संगठनों की ओर से अलग-अलग दिनों में क्रमिक धरने शुरू हो चुके हैं। अगले दिन सभी संगठनों की ओर से सामूहिक धरना दिया जाएगा।

19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव

अमरनाथ धीमान ने प्रदेशभर के पेंशनरों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि विधानसभा सत्र के दौरान पेंशनरों की समस्याओं का समाधान किया जाए और सभी लंबित वित्तीय लाभों का जल्द भुगतान किया जाए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें