मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

धर्मशाला एयरपोर्ट विस्तार के बाद बनेगी एयरोसिटी, पालमपुर-चंबा-रक्कड़ में बनेंगे हेलीपोर्ट : CM सुक्खू

सार

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मशाला मैराथन-2026 का शुभारंभ करते हुए प्रदेश में पर्यटन विकास को लेकर सरकार का विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के बाद यहां एयरोसिटी विकसित करने की योजना है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए 2600 करोड़ रुपये की भूमि अधिग्रहण राशि वितरित की जा चुकी है। पालमपुर, चंबा और रक्कड़ में हेलीपोर्ट विकसित करने के साथ प्रदेश में हेली टैक्सी सेवा शुरू करने की भी तैयारी है।

TV Incharge

3 मिनट
धर्मशाला एयरपोर्ट विस्तार के बाद बनेगी एयरोसिटी, पालमपुर-चंबा-रक्कड़ में बनेंगे हेलीपोर्ट : CM सुक्खू

धर्मशाला मैराथन-2026 का शुभारंभ कर मुख्यमंत्री ने पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को बढ़ावा देने का विजन रखा; भूमि अधिग्रहण के लिए 2600 करोड़ रुपये वितरित, हेली टैक्सी सेवा शुरू करने की भी योजना

हिमाचल प्रदेश में पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार बड़े स्तर पर योजनाएं तैयार कर रही है। धर्मशाला को पर्यटन और खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में धर्मशाला मैराथन-2026 का आयोजन किया जा रहा है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सर्किट हाउस धर्मशाला में मैराथन का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मैराथन की टी-शर्ट, मेडल और एंथम का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य फोकस पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर है। शिमला विंटर कार्निवल और कांगड़ा वैली कार्निवल की शुरुआत भी इसी उद्देश्य से की गई है।

पिछले वर्ष पहली बार धर्मशाला में भी कार्निवल आयोजित किया गया था, जिसमें मैराथन को महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला मैराथन के लिए करीब 1500 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है। इनमें देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी प्रतिभागी शामिल हैं।

कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के बाद एयरोसिटी बनाने की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला को प्रदेश की पर्यटन राजधानी बनाने का विजन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के बाद यहां एयरोसिटी विकसित करने की योजना है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए करीब 2600 करोड़ रुपये की भूमि अधिग्रहण राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार से संबंधित याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि एयरोसिटी विकसित होने से पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार का प्रयास है कि इस क्षेत्र में रोजगार की तलाश में प्रदेश से बाहर जाने वाले युवाओं को हिमाचल में ही बेहतर अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने हिमाचल को उत्तर भारत के लंग्स और वाटर बाउल के रूप में वर्णित करते हुए कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और पर्वतीय क्षेत्र पर्यटन की अपार संभावनाएं रखते हैं।

पालमपुर, चंबा और रक्कड़ में बनेंगे हेलीपोर्ट, शुरू होगी हेली टैक्सी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में हेलीपैड के बजाय हेलीपोर्ट विकसित करने पर जोर दे रही है। पालमपुर में हेलीपोर्ट तैयार किया जा रहा है, जबकि चंबा और धर्मशाला के रक्कड़ में भी हेलीपोर्ट का निर्माण करवाया जा रहा है। पालमपुर से चंडीगढ़ और शिमला के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना है।

उन्होंने बताया कि हेलीपोर्ट के माध्यम से प्रदेश के जिला मुख्यालयों को आपस में जोड़ने की योजना है। इसके बाद हेली टैक्सी सेवा शुरू की जाएगी। इससे लोगों को तेज और बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मैक्लोडगंज मुख्य मार्ग को किया जाएगा दुरुस्त

धर्मशाला और मैक्लोडगंज की सड़कों की खराब हालत से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मुख्य सड़कें खराब नहीं हैं, हालांकि कुछ मार्गों की स्थिति प्रभावित हुई है। मैक्लोडगंज के मुख्य मार्ग को भी दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ समस्याएं हैं, जिनका समाधान होते ही सड़क सुधार का काम आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए धन की कमी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी पांच से दस वर्षों में पर्यटन क्षेत्र को लेकर सरकार की योजनाएं धरातल पर उतरेंगी। एयरपोर्ट विस्तार, एयरोसिटी, हेलीपोर्ट, हेली टैक्सी सेवा और पर्यटन आयोजनों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें