रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा ने विद्यालय को लिया है गोद, करीब 12 नवंबर से बच्चों को रियायती दरों पर मिलेगी आने-जाने की सुविधा
हिमाचल प्रदेश के नूरपुर क्षेत्र स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय भोल ठाकरां की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा द्वारा विद्यालय को गोद लेने के बाद स्कूल में सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में सभा के अध्यक्ष अखिल बख्शी ने स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और भविष्य की योजनाओं को लेकर जानकारी साझा की।
अखिल बख्शी ने बताया कि विद्यालय में पहले ही दो शिक्षकों की व्यवस्था की जा चुकी है। अब विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक और शिक्षक नियुक्त करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि बच्चों की पढ़ाई को और बेहतर बनाया जा सके।
करीब 12 नवंबर से शुरू करने की तैयारी परिवहन सुविधा
अखिल बख्शी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए करीब 12 नवंबर के आसपास स्कूल को एक गाड़ी समर्पित करने की योजना है। इस गाड़ी के माध्यम से बच्चों को रियायती दरों पर घर से स्कूल लाने और वापस घर छोड़ने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले महीने एसएमसी कमेटी के साथ किया गया वादा पूरा करने की दिशा में यह कदम उठाया जा रहा है।
अपना विद्यालय योजना के तहत फंड जुटाने के प्रयास
अखिल बख्शी ने प्रदेश सरकार की 'अपना विद्यालय' योजना का जिक्र करते हुए कहा कि स्कूल के विकास के लिए सरकार से अतिरिक्त फंड उपलब्ध करवाने के प्रयास भी किए जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा द्वारा विद्यालय को गोद लेने के बाद किए जा रहे प्रयासों से स्कूल में शिक्षा का माहौल बेहतर बनाने की दिशा में नई उम्मीद जगी है। अब एक और शिक्षक की संभावित नियुक्ति और परिवहन सुविधा शुरू होने से विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube