मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सेना और ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा, सांसद सुरेश कश्यप ने जगत नेगी पर बोला हमला

सार

शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने मंत्री जगत सिंह नेगी की राफेल खरीद और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का मजाक भाजपा और देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं, नाहन में आयोजित BSNL की समीक्षा बैठक में दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने और प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार को नेटवर्क से जोड़ने के कार्य की जानकारी दी।

TV Incharge

3 मिनट
सेना और ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा, सांसद सुरेश कश्यप ने जगत नेगी पर बोला हमला

राफेल खरीद और ऑपरेशन सिंदूर पर मंत्री के बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, बोले– सेना के शौर्य का मजाक बना रहे कांग्रेस मंत्री; चूड़धार तक पहुंचेगी BSNL की मोबाइल कनेक्टिविटी

शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने प्रदेश सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी की राफेल खरीद और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मंत्री अपनी राजनीति चमकाने के लिए देश की वीर सेना के शौर्य और पराक्रम का मजाक बना रहे हैं। भाजपा और देश की जनता सेना के अपमान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

नाहन में मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी की उम्मीद नहीं की जा सकती। इस तरह की टिप्पणियों से सीमा पर तैनात जवानों के मनोबल को ठेस पहुंचती है और वीरभूमि हिमाचल प्रदेश की गरिमा भी प्रभावित होती है।

राफेल खरीद पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण: सुरेश कश्यप

सांसद ने कहा कि भारतीय सेना का इतिहास गौरवशाली रहा है। ऑपरेशन सिंदूर सहित विभिन्न मोर्चों पर भारतीय सैनिकों ने अपनी वीरता और पराक्रम का परिचय दिया है। उन्होंने राफेल खरीद पर उठाए गए सवालों को निराधार बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ओर से खरीदे गए अत्याधुनिक राफेल विमानों ने भारतीय वायुसेना की ताकत को कई गुना बढ़ाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जगत सिंह नेगी का बयान सेना के शौर्य और पराक्रम को लेकर दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी।

चूड़धार तक पहुंचेगी BSNL की मोबाइल कनेक्टिविटी

वहीं, सांसद सुरेश कश्यप ने नाहन में BSNL के सोलन-सिरमौर व्यावसायिक क्षेत्र की समीक्षा बैठक में भी हिस्सा लिया। बैठक में दोनों जिलों में चल रही दूरसंचार परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी जल्द मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

सांसद ने बताया कि प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार, जो शिरगुल महाराज की तपोस्थली है, को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। केंद्र सरकार के सैचुरेशन प्रोजेक्ट के तहत सोलन और सिरमौर के ऐसे दुर्गम और नेटवर्क विहीन गांवों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां अभी तक किसी भी कंपनी की मोबाइल सेवा नहीं पहुंची है।

विधानसभा में मंत्री के बयान पर बढ़ा विवाद

गौरतलब है कि धर्मशाला में चल रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल विमानों की खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे।

इसी दौरान ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उनकी टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद भाजपा नेताओं ने मंत्री के बयान पर विरोध जताते हुए उनसे माफी मांगने और सरकार से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें