मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला में विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन का आगाज, राज्यपाल बोले- पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सार

शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में शुक्रवार को विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन का शुभारंभ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया। तीन दिवसीय प्रदर्शनी में हिमाचल, गोवा और अन्य सहयोगी राज्यों के प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। इस दौरान राज्यपाल ने गुड़िया कांड से जुड़े हिरासत में मौत के मामले में लोकभवन को लिखे पत्र पर भी कार्रवाई की बात कही।

TV Incharge

2 मिनट
शिमला में विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन का आगाज, राज्यपाल बोले- पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

गेयटी थिएटर में 20 से 22 नवंबर तक चलेगी तीन दिवसीय प्रदर्शनी; गुड़िया कांड से जुड़े मामले में लोकभवन को लिखे पत्र पर कार्रवाई का दिया भरोसा

राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में शुक्रवार को विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन का शुभारंभ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया। यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी 20 से 22 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें हिमाचल प्रदेश और गोवा के साथ कुछ अन्य सहयोगी राज्यों के प्रतिभागी भी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रदर्शनी का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को एक मंच पर लाकर पर्यटन को बढ़ावा देना है।

हिमाचल और गोवा के बीच पर्यटन सहयोग पर जोर

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश और गोवा दोनों ही पर्यटन की दृष्टि से अपनी अलग पहचान रखते हैं। हिमाचल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ी पर्यटन के लिए जाना जाता है, जबकि गोवा अपने समुद्री तटों और बीच टूरिज्म के लिए प्रसिद्ध है।

दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से पर्यटन को नई दिशा मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने का उद्देश्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं होना चाहिए, बल्कि इसके साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण का संरक्षण भी जरूरी है।

स्थानीय पर्यटन, होमस्टे और पारंपरिक गतिविधियां ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आजीविका का बड़ा माध्यम बन सकती हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को पर्यटन से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

गुड़िया कांड से जुड़े मामले में पत्र पर कार्रवाई की बात

वहीं, हिमाचल प्रदेश के चर्चित कोटखाई गुड़िया कांड से जुड़े हिरासत में मौत के मामले में गवाही देने वाले कांस्टेबल की ओर से लोकभवन को लिखे पत्र पर भी राज्यपाल ने प्रतिक्रिया दी।

कांस्टेबल ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों पर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं और न्याय की मांग की है। इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि मामला उनके ध्यान में आया है। उन्होंने इस पर कार्रवाई करने और मामले को आगे संबंधित स्तर पर भेजने की बात कही।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें