मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला के रिज पर सजा ग्रामीण हुनर का बाजार, 10 राज्यों के देसी उत्पादों का संगम

सार

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित पदम देव परिसर में नाबार्ड के 10 दिवसीय ग्रामीण भारत महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव में 10 राज्यों के कारीगर अपने पारंपरिक उत्पादों के साथ पहुंचे हैं। करीब 40 स्टॉलों के जरिए ग्रामीण हुनर, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाया जा रहा है।

TV Incharge

3 मिनट
शिमला के रिज पर सजा ग्रामीण हुनर का बाजार, 10 राज्यों के देसी उत्पादों का संगम

नाबार्ड के 10 दिवसीय ग्रामीण भारत महोत्सव में लगे करीब 40 स्टॉल, 16 स्टॉलों पर जीआई टैग उत्पादों की प्रदर्शनी; हिमाचली कारीगरों को मिलेगा नए बाजार से जुड़ने का मौका

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित पदम देव परिसर में ग्रामीण हुनर, पारंपरिक कला और देसी उत्पादों का संगम देखने को मिल रहा है। यहां नाबार्ड की ओर से 10 दिवसीय ग्रामीण भारत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

महोत्सव में हिमाचल प्रदेश सहित देश के 10 राज्यों के कारीगर अपने उत्पादों के साथ पहुंचे हैं। करीब 40 स्टॉलों पर लोगों को घरेलू उत्पाद, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों की खरीदारी का अवसर मिल रहा है।

महोत्सव का शुभारंभ नाबार्ड हिमाचल प्रदेश के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया ने किया। आयोजन में हिमाचल के विभिन्न जिलों के कारीगरों और ग्रामीण उत्पादकों के साथ दूसरे राज्यों के प्रतिभागी भी हिस्सा ले रहे हैं।

महोत्सव में करीब 16 स्टॉलों पर हिमाचल सहित विभिन्न राज्यों के जीआई टैग प्राप्त उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इसके अलावा लोगों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।

हिमाचली कारीगरों को पैकेजिंग और मार्केटिंग सीखने का अवसर

नाबार्ड हिमाचल प्रदेश के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण कारीगरों को केवल अपने उत्पाद बेचने का मंच देना नहीं, बल्कि उन्हें कारोबार की नई बारीकियों से भी परिचित करवाना है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के ग्रामीण उत्पाद गुणवत्ता और पारंपरिक पहचान के मामले में समृद्ध हैं, लेकिन पैकेजिंग और मार्केटिंग की कमी के चलते इन्हें बड़े बाजार तक पहुंचाने में चुनौतियां आती हैं।

उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ संवाद और संपर्क से हिमाचल के कारीगरों को बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग के तरीके समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही दूसरे राज्यों में हिमाचली उत्पादों की मांग और कारोबार की संभावनाएं तलाशने में भी मदद मिलेगी।

दूसरे राज्यों के महोत्सवों में भी पहुंच रहे हिमाचली उत्पाद

डॉ. पठानिया के मुताबिक, नाबार्ड की ओर से कारीगरों को बाजार उपलब्ध करवाने की पहल केवल शिमला तक सीमित नहीं है। प्रदेश के शिवरात्रि, दशहरा और रेणुका मेले सहित अन्य बड़े आयोजनों में भी नाबार्ड कारीगरों के स्टॉल स्पॉन्सर करता है।

उन्होंने बताया कि शिवरात्रि मेले में 15 से 20 स्टॉल स्पॉन्सर किए जाते हैं, जबकि दशहरा मेले में 10 स्टॉलों के लिए सहयोग दिया गया। इसके अलावा हिमाचल के कारीगरों को दूसरे राज्यों के महोत्सवों में भी भेजा जाता है। पंजाब में आयोजित हो रहे एक महोत्सव में हिमाचल के चंबा रुमाल सहित अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।

महोत्सव पर खर्च होंगे करीब 50 लाख रुपये

10 दिवसीय ग्रामीण भारत महोत्सव के आयोजन पर नाबार्ड की ओर से करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हालांकि, स्टॉलों की संख्या या कारोबार का कोई निश्चित लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण उत्पादकों और कारीगरों को बाजार से जोड़ना, उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें