मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चंबा में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर परिचर्चा, जिम्मेदार पत्रकारिता और खबरों की पुष्टि पर दिया जोर

सार

जिला मुख्यालय चंबा में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर 'पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी' विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने खबरों के प्रसारण से पहले उनकी पुष्टि और संबंधित पक्ष का पक्ष शामिल करने को जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए जरूरी बताया।

TV Incharge

2 मिनट
चंबा में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर परिचर्चा, जिम्मेदार पत्रकारिता और खबरों की पुष्टि पर दिया जोर

एडीसी अमित मेहरा बोले- ब्रेकिंग न्यूज की प्रतिस्पर्धा में अपुष्ट खबरें प्रसारित करना प्रेस की विश्वसनीयता के लिए घातक

जिला मुख्यालय चंबा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय प्रेस दिवस का आयोजन किया गया। उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान 'पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी' विषय पर परिचर्चा हुई, जिसमें जिले के वरिष्ठ पत्रकारों सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

खबरों की पुष्टि और दूसरे पक्ष को स्थान देना जरूरी: एडीसी

परिचर्चा में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने कहा कि समाचार प्रसारित करने से पहले उनकी पुष्टि करना और संबंधित दूसरे पक्ष को भी समाचार में स्थान देना जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक मीडिया के दौर में आम लोगों के लिए खबरें जल्द प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, लेकिन ब्रेकिंग न्यूज की प्रतिस्पर्धा में कई बार अपुष्ट समाचार दूसरे पक्ष का विचार जाने बिना प्रसारित कर दिए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यप्रणाली प्रेस की विश्वसनीयता के लिए घातक है। इससे न केवल संबंधित मीडिया समूह, बल्कि पूरे प्रेस वर्ग और पत्रकारों की व्यक्तिगत विश्वसनीयता को भी नुकसान पहुंचता है।

चंबा की पत्रकारिता को बताया जिम्मेदार और विश्वसनीय

जिले की पत्रकारिता के अनुभव साझा करते हुए अमित मेहरा ने कहा कि चंबा की प्रेस की कार्यप्रणाली शालीन, जिम्मेदार और विश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से उठाई जाने वाली जनसमस्याओं और अन्य विषयों पर जिला प्रशासन तुरंत संज्ञान लेता है।

उन्होंने आपदा सहित विभिन्न अवसरों पर जनहित के दृष्टिगत सरकार और प्रशासन को सकारात्मक सहयोग देने के लिए जिले के पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कार्यक्रम में पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के मीडिया कर्मियों और प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।

जिला लोक संपर्क अधिकारी ने किया स्वागत

इससे पहले जिला लोक संपर्क अधिकारी बलबीर सिंह ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की और परिचर्चा के विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में वेटरन जर्नलिस्ट बीके पराशर, चंबा एक्सप्रेस दैनिक हिंदी समाचार पत्र के संपादक योगेश महेंद्रू सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • राष्ट्रीय प्रेस दिवस
  • पत्रकारिता
  • अमित मेहरा
  • खबरों की पुष्टि
  • जिम्मेदार पत्रकारिता
  • ब्रेकिंग न्यूज

इस खबर को शेयर करें