मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चम्बा में 348 बिजली उपभोक्ताओं के कटेंगे कनेक्शन, 58.55 लाख रुपये का बिल बकाया

सार

चम्बा बिजली मंडल ने लंबे समय से बिजली बिल जमा न करवाने वाले 348 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है। इन उपभोक्ताओं पर कुल 58.55 लाख रुपये बकाया हैं। बोर्ड ने कनेक्शन काटने के आदेश जारी किए हैं। नोटिस के बाद अब तक करीब 17.11 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है।

TV Incharge

2 मिनट
चम्बा में 348 बिजली उपभोक्ताओं के कटेंगे कनेक्शन, 58.55 लाख रुपये का बिल बकाया

बिजली बोर्ड ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को जारी किए अस्थायी कनेक्शन काटने के आदेश, सरकारी विभागों पर भी करीब 26 लाख रुपये बकाया

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने बिजली बिलों का समय पर भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। चम्बा बिजली मंडल ने लंबे समय से बकाया बिल जमा नहीं करवाने वाले 348 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काटने के आदेश जारी किए हैं। इन उपभोक्ताओं पर बिजली बोर्ड की कुल 58 लाख 55 हजार 756 रुपये की राशि बकाया है।

बिजली बिलों की बकाया राशि वसूलने के लिए बोर्ड की ओर से तीसा से लेकर भरमौर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर लंबित बिल जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड की कार्रवाई के बाद अब तक करीब 17 लाख 11 हजार 723 रुपये की रिकवरी हो चुकी है, जबकि शेष बकाया राशि की वसूली के प्रयास जारी हैं।

सरकारी विभागों पर भी करीब 26 लाख रुपये बकाया

बिजली बोर्ड के अनुसार, बकाया बिलों का भुगतान नहीं करने वालों में घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के साथ कई सरकारी विभाग भी शामिल हैं। स्वास्थ्य, जल शक्ति, शिक्षा और अन्य गैर-घरेलू श्रेणी के विभागों पर बिजली बोर्ड की करीब 26 लाख रुपये की राशि लंबित है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि के भीतर बकाया बिल जमा नहीं करवाने पर संबंधित उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

बोर्ड ने उपभोक्ताओं से की समय पर बिल जमा करवाने की अपील

विद्युत बोर्ड चम्बा के अधिशासी अभियंता ईं. हंसराज चौहान ने बताया कि 348 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने तीसा से भरमौर तक चम्बा मंडल के सभी उपभोक्ताओं और सरकारी विभागों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपने लंबित बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें