मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में माकपा का प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR रोकने की मांग

सार

मंडी के सेरी चांदनी में माकपा लोकल कमेटी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने SIR प्रक्रिया रोकने और गलत तरीके से मतदाता सूची से बाहर किए गए लोगों के नाम बहाल करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी की।

TV Incharge

3 मिनट
मंडी में माकपा का प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR रोकने की मांग

सेरी चांदनी में वामपंथी पार्टियों के राष्ट्रव्यापी विरोध के तहत धरना, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर उठाए सवाल

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की लोकल कमेटी की ओर से मंगलवार को मंडी के सेरी चांदनी में धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन देश की वामपंथी पार्टियों के आह्वान पर 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान माकपा नेताओं ने भारतीय निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए।

पार्टी नेताओं ने 23 सितंबर को प्रकाशित इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग के तीन में से दो चुनाव आयुक्तों द्वारा विभिन्न फैसलों और प्रक्रियाओं पर आपत्तियां दर्ज किए जाने से आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 मौकों पर चुनाव आयोग के फैसलों और प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर आपत्तियां दर्ज की थीं।

माकपा नेताओं ने कहा कि ये सवाल केवल SIR प्रक्रिया तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम हटाने और मतदाता डेटाबेस तक पहुंच से जुड़े हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में भी दो चुनाव आयुक्तों की ओर से मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकरण और राज्य स्तर के अधिकारियों की पहुंच से जुड़े सवाल उठाए जाने का उल्लेख किया गया है।

गोवा के 97 मतदाताओं का भी उठाया मुद्दा

प्रदर्शन के दौरान गोवा का उदाहरण देते हुए माकपा नेताओं ने कहा कि सॉफ्टवेयर संबंधी पाबंदियों के कारण ऐसे मामलों में भी दिक्कत सामने आई, जहां निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने 97 मतदाताओं को पात्र पाया था।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इन मतदाताओं के दस्तावेजों के आधार पर ERO ने उन्हें पात्र माना, लेकिन सॉफ्टवेयर संबंधी व्यवस्था के कारण अधिकारियों के फैसले को दर्ज करने में समस्या आई।

माकपा ने कहा कि उसके अनुसार यह मामला SIR से आगे बढ़कर निर्वाचन आयोग की पारदर्शिता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक कामकाज से जुड़ा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

माकपा ने रखीं कई मांगें

माकपा ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और SIR प्रक्रिया को रोका जाए। पार्टी ने यह भी मांग की कि जिन लोगों को गलत तरीके से मतदाता सूची से बाहर किया गया है, उनके मतदान अधिकार बहाल किए जाएं।

इसके अलावा माकपा ने भारतीय निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने तथा उसके कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने की मांग की। पार्टी ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट की ओर से प्रस्तावित समिति आधारित व्यवस्था का उल्लेख किया,

जिसमें प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश की भूमिका हो।

प्रदर्शन में माकपा लोकल सचिव सुरेश सरवाल, जोगिंदर वालिया, राजेश शर्मा, वीना वैद्य, रमेश गुलरिया, प्रवीण कुमार, गोपेंद्र कुमार, रीना अंकुर, पोविन्दर और रेहाना सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • माकपा
  • धरना
  • चुनाव आयोग
  • विरोध प्रदर्शन
  • मतदाता सूची
  • SIR
  • पारदर्शिता

इस खबर को शेयर करें