मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी के बही गांव में 9,180 पौधों से तैयार हो रहा अमरूद क्लस्टर, HP शिवा परियोजना से 21 किसानों को लाभ

सार

हिमाचल प्रदेश की HP शिवा परियोजना के तहत मंडी जिले के सरकाघाट के बही गांव में अमरूद का क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। करीब 8.7 हेक्टेयर भूमि पर 9,180 पौधे लगाए गए हैं, जिससे 21 किसान जुड़े हैं। क्लस्टर के विकास और आधारभूत सुविधाओं पर अब तक 1.06 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं।

TV Incharge

3 मिनट
मंडी के बही गांव में 9,180 पौधों से तैयार हो रहा अमरूद क्लस्टर, HP शिवा परियोजना से 21 किसानों को लाभ

8.7 हेक्टेयर भूमि पर हिसार सफेदा और जारवी रेड किस्मों का रोपण, आधारभूत सुविधाओं पर खर्च हुए 1.06 करोड़ रुपये

हिमाचल प्रदेश के निचले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार की एचपी शिवा परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से संचालित इस परियोजना के तहत किसानों को पारंपरिक खेती के विकल्प के रूप में आधुनिक और वैज्ञानिक बागवानी से जोड़ा जा रहा है।

इसी कड़ी में मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र के विकास खंड गोपालपुर के बही गांव में अमरूद का क्लस्टर विकसित किया जा रहा है।

बही गांव में करीब 8.7 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद की उन्नत किस्मों हिसार सफेदा और जारवी रेड के कुल 9,180 पौधे रोपित किए गए हैं। इस पहल से 21 किसान जुड़े हुए हैं। क्लस्टर विकास और जरूरी आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर अब तक करीब 1 करोड़ 6 लाख 54 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

परियोजना के तहत भूमि सुधार, खेतों का समतलीकरण, जल निकासी, सोलर बाड़बंदी और आधुनिक सिंचाई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

21 किसानों की भागीदारी से विकसित हो रहा अमरूद क्लस्टर

सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) के प्रधान और लाभार्थी सुरेश ठाकुर के अनुसार, उद्यान विभाग के सहयोग से किसानों ने अमरूद की उन्नत किस्मों के पौधे लगाए हैं। क्लस्टर में सोलर बाड़बंदी की व्यवस्था से पौधों को बेसहारा पशुओं और जंगली जानवरों से सुरक्षा मिल रही है। वहीं, सिंचाई के लिए जलापूर्ति और टपक सिंचाई प्रणाली विकसित की जा रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का किसानों को आधुनिक बागवानी से जोड़ने के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि जून 2025 में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बही पहुंचकर क्लस्टर में पौधरोपण कार्य का शुभारंभ किया था।

वर्तमान में पौधे करीब एक वर्ष के हो चुके हैं और चार से पांच फुट तक ऊंचाई प्राप्त कर चुके हैं। उम्मीद है कि जल्द उत्पादन शुरू होने से किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी।

पारंपरिक खेती छोड़ अमरूद की बागवानी से बेहतर आमदनी की उम्मीद

क्लस्टर की लाभार्थी निर्मला देवी ने करीब 10 बीघा भूमि पर अमरूद के पौधे लगाए हैं। पहले उनके खेतों में धान और गेहूं की खेती होती थी, लेकिन बेसहारा पशुओं और जंगली जानवरों के कारण फसलों को नुकसान पहुंचता था।

इससे अपेक्षित आमदनी नहीं हो पाती थी। अब परियोजना के तहत सोलर बाड़बंदी होने से पौधे सुरक्षित हैं और उनकी अच्छी बढ़वार हो रही है। उद्यान विभाग की ओर से सिंचाई व्यवस्था, खाद और दवाइयों को लेकर भी सहयोग दिया जा रहा है।

वहीं, लाभार्थी जगदीश चंद ने बताया कि उनकी दो बीघा भूमि पर अमरूद के पौधे लगाए गए हैं। उनके अनुसार, इस परियोजना से किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ गांव की युवा पीढ़ी को भी स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

वैज्ञानिक तकनीकों से विकसित किए जा रहे बागवानी क्लस्टर

उद्यान विकास अधिकारी सरकाघाट शबनम राणा ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, पारंपरिक खेती पर निर्भरता कम करना और उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी तकनीकों से जोड़ना है। क्षेत्र की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार अमरूद, नींबू प्रजाति, अनार और लीची सहित अन्य उपयुक्त फलदार फसलों के क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक क्लस्टर में सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) और जल उपयोगकर्ता संघ (डब्ल्यूयूए) का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य किसानों की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ सिंचाई सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन और रखरखाव करना है।

उत्पादन से विपणन तक किसानों को मिलेगा सहयोग

एचपी शिवा परियोजना के तहत किसानों को केवल पौधरोपण तक सीमित सहायता नहीं दी जा रही है, बल्कि उत्पादन से लेकर विपणन तक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत ग्रेडिंग, पैकेजिंग, भंडारण, प्रसंस्करण और बाजार से जुड़ाव को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें