रैत से चंबी पुल तक अधिकारियों के साथ पैदल पहुंचे विधायक, बारिश से पहले बाजार में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को नव निर्मित चंबी पुल का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर उमाकांत मीणा और रैत व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विधायक केवल सिंह पठानिया अधिकारियों के साथ रैत से चंबी पुल के दूसरे छोर तक पैदल पहुंचे और पुल तथा आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने अपने संपर्क मार्गों से संबंधित विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने का आश्वासन
स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने बताया कि जमीन से जुड़े मुद्दों के कारण पहले इन संपर्क मार्गों का काम आगे नहीं बढ़ पाया था। अब जमीन मालिकों की सहमति मिलने के बाद इन समस्याओं के समाधान का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द ही संपर्क मार्गों की समस्या का समाधान किया जाएगा और आवश्यकतानुसार इन्हें बेहतर बनाया जाएगा।
रैत बाजार में जल निकासी व्यवस्था का भी लिया जायजा
चंबी पुल के निरीक्षण से पहले विधायक ने रैत बाजार का भी दौरा किया। यहां उन्होंने स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ सड़क और बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बारिश के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए विधायक ने सड़क के दोनों ओर उचित पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और व्यापार मंडल से आपसी सहयोग के साथ जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, संपर्क मार्ग और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है, ताकि स्थानीय लोगों और व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube