मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बिलासपुर में बारिश से 46.17 करोड़ का नुकसान, 3 सड़कें बंद; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

सार

बिलासपुर जिले में लगातार बारिश से अब तक 46.17 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। पीडब्ल्यूडी को सबसे अधिक करीब 41 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बारिश के कारण तीन सड़कें बंद हैं और पांच लोगों की मौत हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

3 मिनट
बिलासपुर में बारिश से 46.17 करोड़ का नुकसान, 3 सड़कें बंद; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

पीडब्ल्यूडी को करीब 41 करोड़ का नुकसान, 5 लोगों की मौत; डीसी ने लोगों से भारी बारिश में अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बरसात के कारण अब तक 46.17 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है।

पीडब्ल्यूडी को करीब 41 करोड़ रुपये, जलशक्ति विभाग को करीब 5 करोड़ रुपये, स्कूल शिक्षा विभाग को करीब 50 लाख रुपये, पशुपालन विभाग को 3 लाख रुपये और विद्युत बोर्ड को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

बरसात के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 5 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा एक कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि 6 भवनों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इनमें 4 पक्के मकान, एक कच्चा मकान और एक रसोईघर शामिल हैं। जिले में 18 गौशालाओं और एक भंडार कक्ष को भी नुकसान पहुंचा है।

बिलासपुर में 3 सड़कें बंद

उपायुक्त ने बताया कि बरसात के कारण लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत जिले में तीन सड़कें बंद हैं। इनमें बद्धाघाट-कोटला-सोहणी देवी सड़क, कथ्यूण-गुजरेहड़ा-गोचर सड़क और पट्टा-मोरसिंघी-मसौर मोड़ सड़क शामिल हैं।

उन्होंने संबंधित विभाग को बंद सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बारिश से प्रभावित जलशक्ति विभाग की पेयजल आपूर्ति योजनाओं को भी जल्द बहाल करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी

राहुल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन ने भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया है और इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान यदि बहुत जरूरी न हो तो घरों से बाहर निकलने से बचें और अपनी यात्राओं को स्थगित रखें।

सर्पदंश और नदी-नालों को लेकर भी एडवाइजरी

उपायुक्त ने कहा कि बरसात के मौसम में सर्पदंश के मामले भी सामने आते हैं। ऐसे में लोगों को घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सर्पदंश की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पहुंचकर उपचार करवाने की अपील की गई है।

उन्होंने लोगों से झील, नदी और नालों के किनारे जाने से भी बचने को कहा। बरसात के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ने से डूबने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को नदी-नालों और जलाशयों से सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए।

मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलें

उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से मौसम, सड़कों और अन्य जरूरी सूचनाओं को समय-समय पर अपडेट किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से घर से बाहर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोग जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें