मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ऊना में पेंशनर्स का छह दिवसीय धरना समाप्त, 19 नवंबर को धर्मशाला में करेंगे विधानसभा का घेराव

सार

ऊना के एमसी पार्क में पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति का छह दिवसीय धरना मंगलवार को संपन्न हो गया। पेंशनर्स ने लंबित एरियर, महंगाई भत्ते और अन्य वित्तीय लाभों के भुगतान की मांग उठाई। आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया गया है।

TV Incharge

2 मिनट
ऊना में पेंशनर्स का छह दिवसीय धरना समाप्त, 19 नवंबर को धर्मशाला में करेंगे विधानसभा का घेराव

लंबित एरियर और 13 प्रतिशत डीए की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जताई नाराजगी, सीएम सुक्खू के बयान पर भी पेंशनर्स ने जताई कड़ी आपत्ति

हिमाचल प्रदेश में लंबित एरियर और महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान की मांग को लेकर पेंशनर्स का प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है। ऊना जिला मुख्यालय के एमसी पार्क में पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा छह दिवसीय धरना-प्रदर्शन मंगलवार को संपन्न हो गया।

धरने के अंतिम दिन पेंशनर्स ने सरकार की अनदेखी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयानों पर कड़ी नाराजगी जताई। पेंशनर्स ने स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता नहीं, बल्कि अपने वित्तीय अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

पेंशनर्स संघ के जिलाध्यक्ष एवं संयुक्त संघर्ष समिति के जिला समन्वयक हरमेश सिंह राणा के नेतृत्व में आयोजित धरने में विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि लंबे समय से उनकी वित्तीय मांगें लंबित हैं, लेकिन बार-बार आवाज उठाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है। हरमेश सिंह राणा ने मुख्यमंत्री की ओर से पेंशनर्स को भाजपा कार्यकर्ता बताए जाने संबंधी टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह शर्मनाक है।

मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और उन्हें इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की मांगों को राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय उनकी समस्याओं और अधिकारों के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।

हरमेश सिंह राणा ने बताया कि पेंशनर्स 1 जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लंबित एरियर, 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते और 206 महीनों के डीए एरियर सहित अन्य वित्तीय लाभों के भुगतान की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने सरकार की ओर से घोषित पांच प्रतिशत डीए को भी पेंशनर्स की लंबित मांगों के मुकाबले नाकाफी बताया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपना पूरा सेवाकाल प्रदेश की सेवा में लगाया है और अब उन्हें अपने वित्तीय अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

पेंशनर्स नेताओं ने स्पष्ट किया कि ऊना में छह दिवसीय धरना समाप्त होने का मतलब आंदोलन का खत्म होना नहीं है। संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 19 नवंबर को प्रदेशभर के हजारों पेंशनर्स धर्मशाला पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि जब तक पेंशनर्स को उनका हक नहीं मिलता, संघर्ष जारी रहेगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें