मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ऊना में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर सख्त हुए मुकेश अग्निहोत्री, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

सार

ऊना में जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पटवारखानों, पंचायत घरों, नए बस रूट, रामपुर-संतोषगढ़ पुल, स्ट्रीट लाइट और ऊना अस्पताल की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई।

4 मिनट
ऊना में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर सख्त हुए मुकेश अग्निहोत्री, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में पटवारखानों, पंचायत घरों, बस रूट, रामपुर-संतोषगढ़ पुल और ऊना अस्पताल की व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि लोगों से जुड़े मामलों के निवारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें।

उपमुख्यमंत्री बुधवार को जिला परिषद सभागार ऊना में आयोजित जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दों, विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

उन्होंने समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पटवारखानों और पंचायत घरों के मामलों की होगी विशेष समीक्षा

मुकेश अग्निहोत्री ने उपायुक्त को जिले में पटवारखानों और नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा के लिए बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारखानों से संबंधित मामलों का समेकित प्रस्ताव तैयार करने को कहा, जिसमें नए भवनों के निर्माण और नए पटवारखाने खोलने से संबंधित स्थानों का पूरा विवरण शामिल हो।

उन्होंने नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण से जुड़े भूमि मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। जहां भूमि उपलब्धता, हस्तांतरण या अन्य प्रशासनिक अड़चनें हैं, वहां संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

निर्वाचित प्रधान के अधिकारों का सम्मान जरूरी

पंचायतों में प्रधान की भूमिका पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचित प्रधान की भूमिका और अधिकारों का सम्मान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्वाचित प्रधान के अधिकारों में किसी अन्य व्यक्ति का हस्तक्षेप उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी पंचायत में महिला प्रधान निर्वाचित हैं तो किसी अन्य व्यक्ति द्वारा स्वयं को प्रधान समझकर पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप करना उचित नहीं है। प्रधान महिला हो या पुरुष, वह जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि है और उसके अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

जरूरत और फिजिबिलिटी के आधार पर शुरू होंगे नए बस रूट

बस रूट से संबंधित मांगों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जहां वास्तविक आवश्यकता होगी, वहां बस सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार तैयार है। नए रूट के लिए फिजिबिलिटी और पर्याप्त सवारियों की उपलब्धता को ध्यान में रखना भी जरूरी है, ताकि बस सेवा व्यवहारिक और टिकाऊ बनी रहे।

उन्होंने एम्स बिलासपुर और श्री चिंतपूर्णी के लिए शुरू की गई बस सेवा के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की। नए बस रूटों के सुझावों का विभागीय स्तर पर परीक्षण कर आवश्यकता और व्यवहारिकता के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रामपुर-संतोषगढ़ पुल के लिए धनराशि स्वीकृत

रामपुर-संतोषगढ़ पुल के निर्माण को लेकर उपमुख्यमंत्री ने बताया कि आवश्यक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

जन्माष्टमी से पहले बाबा बाल जी आश्रम मार्ग पर होगी लाइटिंग

उपमुख्यमंत्री ने नगर निगम ऊना के अधिकारियों को ऊना-हमीरपुर मार्ग पर बाबा बाल जी महाराज आश्रम के गेट तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

लता मंगेशकर कला केंद्र के लिए आत्मनिर्भर मॉडल पर विचार

लता मंगेशकर कला केंद्र के रखरखाव और संचालन को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र को आत्मनिर्भर मॉडल पर चलाने की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने वर्षभर बुकिंग सुनिश्चित करने तथा संचालन किसी उपयुक्त संस्था या एजेंसी को सौंपने सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार करने के निर्देश दिए।

ऊना अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं पर जोर

बैठक में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने ऊना अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने, अस्पताल की बाउंड्री वॉल और चिकित्सकों के अवकाश के दौरान मरीजों की देखभाल से जुड़े मुद्दे उठाए।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी चिकित्सक के अवकाश पर होने की स्थिति में मरीजों की देखभाल और उपचार व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल में निर्माणाधीन नए भवनों और उपलब्ध सुविधाओं को देखते हुए मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तरों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में उपायुक्त जतिन लाल ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। इस दौरान कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा सहित समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने विभिन्न जनहित के मुद्दे और सुझाव रखे।


follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें