मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

फाइनेंस बिल संशोधन के खिलाफ शिमला में पेंशनरों का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

सार

फाइनेंस बिल संशोधन के विरोध में शिमला में केंद्र, राज्य, बैंक और एलआईसी के पेंशनरों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। पेंशनर्स एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि संशोधन के जरिए पेंशनरों को अलग-अलग वर्गों में बांटा गया है। पेंशनरों ने संशोधन वापस लेने और पेंशन संशोधन का अधिकार बहाल करने की मांग की।

2 मिनट
फाइनेंस बिल संशोधन के खिलाफ शिमला में पेंशनरों का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

केंद्र, राज्य, बैंक और एलआईसी पेंशनरों ने उठाई पेंशन संशोधन का अधिकार बहाल करने की मांग, 25 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

फाइनेंस बिल संशोधन के विरोध में केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ बैंक व एलआईसी के पेंशनरों ने बुधवार को शिमला में केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। पेंशनरों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर संयुक्त रूप से धरना-प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने अपने अधिकारों की बहाली और पेंशन संबंधी संशोधनों को वापस लेने की मांग उठाई।

पेंशनरों को दो श्रेणियों में बांटने का आरोप

ऑल इंडिया (NCCPA) ऑडिट एंड अकाउंट पेंशनर्स एसोसिएशन के महासचिव जगमोहन ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से 29 मार्च को संसद से पारित फाइनेंस बिल संशोधन के जरिए पेंशनरों का वर्गीकरण किया गया है। इसके तहत जनवरी 2026 से पहले और उसके बाद सेवानिवृत्त होने वाले पेंशनरों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है।

उन्होंने कहा कि इस संशोधन का प्रभाव खास तौर पर जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों पर पड़ेगा। उनका आरोप है कि ऐसे पेंशनरों का पेंशन संशोधन रोक दिया जाएगा और उन्हें केवल महंगाई राहत (DR) दिए जाने का प्रावधान किया गया है।

पेंशन कोई खैरात नहीं, कानूनी अधिकार: पेंशनर्स

जगमोहन ठाकुर ने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि कर्मचारियों को लंबे समय तक सरकारी सेवा देने के बाद मिलने वाला कानूनी अधिकार है। उन्होंने वर्ष 1983 के डीएस नकारा मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि इस फैसले में पेंशनरों को समान अधिकार दिए गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा संशोधन के जरिए पेंशनरों के पेंशन संशोधन के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर पेंशनरों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है और 25 अगस्त को मामले पर सुनवाई निर्धारित है।

सड़क से अदालत तक जारी रहेगी लड़ाई

पेंशनर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को सड़क से लेकर अदालत तक उठाएगा। प्रदर्शनकारियों के अनुसार बुधवार को देशभर में 'कॉल अटेंशन डे' मनाया गया और विभागाध्यक्षों के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजे जा रहे हैं।

एसोसिएशन ने बताया कि 17, 18 और 19 सितंबर को शिमला में तीन दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्र, राज्य, बैंक और एलआईसी से जुड़े पेंशनर शामिल होंगे। इसके बाद 25 नवंबर को देशभर के पेंशनर दिल्ली में 'मार्च टू पार्लियामेंट' करेंगे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें