मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल के ग्रुप-डी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत, अगस्त में मिलेगा वेतन एरियर का भुगतान

सार

हिमाचल प्रदेश सरकार ने ग्रुप-डी कर्मचारियों और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के लिए वेतन संशोधन और पेंशन एरियर के भुगतान का आदेश जारी किया है। ग्रुप-डी कर्मचारियों को अगस्त 2026 में 20 हजार रुपये नकद मिलेंगे, जबकि पेंशनरों को 35 से 55 फीसदी तक बकाया राशि जारी की जाएगी। यह राशि अगस्त के वेतन और पेंशन के साथ 1 सितंबर को जारी होगी।

2 मिनट
हिमाचल के ग्रुप-डी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत, अगस्त में मिलेगा वेतन एरियर का भुगतान

ग्रुप-डी कर्मचारियों को 20 हजार रुपये नकद, पेंशनरों को 35 से 55 फीसदी एरियर; 1 सितंबर को जारी होगा अगस्त का वेतन और पेंशन

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के ग्रुप-डी कर्मचारियों और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को बड़ी वित्तीय राहत दी है। सरकार ने वेतनमान संशोधन और पेंशन बकाया राशि के भुगतान को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को अगस्त 2026 में 20 हजार रुपये नकद भुगतान किया जाएगा, जबकि पेंशनरों को 35 से 55 फीसदी तक एरियर मिलेगा।

यह राशि अगस्त महीने के वेतन और पेंशन के साथ जारी की जाएगी, जिसका भुगतान 1 सितंबर 2026 को किया जाएगा। सरकार की ओर से यह भुगतान हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत किया जा रहा है।

ग्रुप-डी कर्मचारियों को मिलेगा 20 हजार रुपये नकद

राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को 1 जनवरी 2016 से प्रभावी वेतनमान संशोधन के कारण बकाया राशि का भुगतान किया जाएगा। वित्त वेतन संशोधन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

सरकार के इस फैसले से ग्रुप-डी कर्मचारियों को अगस्त महीने में 20 हजार रुपये की नकद वित्तीय राहत मिलेगी। यह भुगतान संशोधित वेतनमान के कारण लंबित बकाया राशि के तहत किया जा रहा है।

पेंशनरों को 35 से 55 फीसदी तक एरियर

वित्त (पेंशन) विभाग ने 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लिए भी एरियर जारी करने की अधिसूचना जारी की है।

इसके तहत तृतीय श्रेणी के पेंशनरों को 35 फीसदी बकाया जारी किया जाएगा। यह 40 हजार रुपये तक की मूल पेंशन पर लागू होगा। वहीं, द्वितीय और प्रथम श्रेणी के पेंशनरों को 15 फीसदी बकाया राशि दी जाएगी।

इस किस्त के भुगतान के बाद तृतीय श्रेणी के पेंशनरों का कुल संचयी बकाया 55 फीसदी, जबकि प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों का कुल संचयी बकाया 35 फीसदी हो जाएगा।

अगस्त तक भुगतान के निर्देश

सरकार ने पेंशन संवितरण अधिकारियों को अगस्त 2026 तक संबंधित पेंशनरों को एरियर की राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के इस फैसले से लंबे समय से बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को इन दोनों घोषणाओं का ऐलान किया था। अब वित्त विभाग की ओर से इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • ग्रुप-डी कर्मचारी
  • पेंशन
  • वेतन एरियर
  • सरकारी कर्मचारी
  • वित्तीय राहत
  • नकद भुगतान
  • संशोधन
  • बकाया भुगतान
  • पेंशनरों

इस खबर को शेयर करें