मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोपी लैब असिस्टेंट निलंबित

सार

टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पीजी प्रशिक्षु डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोप में लैब असिस्टेंट जोनी कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रहेगा।

TV Incharge

3 मिनट
टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोपी लैब असिस्टेंट निलंबित

मुख्यमंत्री सुक्खू के निर्देश पर स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक ने जारी किए आदेश, निलंबन अवधि में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रहेगा मुख्यालय

हिमाचल प्रदेश के डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कांगड़ा स्थित टांडा में पीजी प्रशिक्षु डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोपित लैब असिस्टेंट जोनी कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक ने रविवार देर शाम निलंबन के आदेश जारी किए।

निलंबन अवधि के दौरान जोनी कुमार का मुख्यालय हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रहेगा। आदेश के अनुसार वह बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। निलंबन विभागीय जांच पूरी होने तक प्रभावी रहेगा।

ब्लड बैंक में छेड़छाड़ का आरोप

स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ब्लड बैंक में कार्यरत लैब असिस्टेंट जोनी कुमार पर कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है।

यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केंद्रीय सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1964 के नियम 3-सी के अंतर्गत आता है। आंतरिक शिकायत समिति की सिफारिश और मामले की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

जानकारी के अनुसार टांडा प्रशासन ने आरोपित को शनिवार को ब्लड बैंक से चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में तैनात कर दिया था। इसके बाद आरोपित के छुट्टी पर जाने की बात भी सामने आई थी, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई।

यह है पूरा मामला

प्रशिक्षु डॉक्टर ने चिकित्सा अधीक्षक को दी शिकायत में बताया था कि 28 सितंबर को शाम करीब 4:30 बजे वह एक मरीज के लिए प्लेटलेट्स की व्यवस्था करने ब्लड बैंक गई थीं। मरीज का इमरजेंसी में सीजेरियन किया जाना जरूरी था। आरोप है कि इसी दौरान ब्लड बैंक में तैनात लैब असिस्टेंट ने उनके साथ छेड़छाड़ की।

अस्पताल प्रशासन ने पीड़िता की शिकायत 29 सितंबर को पुलिस को सौंप दी थी। पुलिस ने 30 सितंबर को कांगड़ा न्यायालय के समक्ष पीड़िता के बयान दर्ज करवाए और आरोपित को नोटिस जारी किया था।

मामले में कार्रवाई न होने से नाराज रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) टांडा ने तीन अक्टूबर को दो घंटे की हड़ताल की थी और प्रशासन को कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया था। आरडीए ने आंतरिक शिकायत समिति की एक रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया था। एसोसिएशन ने आरोपित लैब असिस्टेंट को निलंबित करने के साथ बीएनएस की धारा 75 और पॉश एक्ट के तहत गिरफ्तारी की मांग की थी।

निलंबन के बाद आरडीए ने वापस ली हड़ताल

आरोपित लैब असिस्टेंट के खिलाफ कार्रवाई के बाद आरडीए ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है। आरडीए ने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के हित में निर्णय लिया है। एसोसिएशन के अनुसार यदि टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल प्रशासन की ओर से समय पर कार्रवाई की जाती तो हड़ताल की स्थिति नहीं बनती।

आरडीए ने कार्रवाई के बाद अपनी हड़ताल तत्काल प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • टांडा मेडिकल कॉलेज
  • छेड़छाड़
  • लैब असिस्टेंट
  • निलंबन
  • स्वास्थ्य शिक्षा

इस खबर को शेयर करें