मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नालागढ़ में भूसे के पाउडर से नकली दवाएं बनाने का आरोप, ड्रग विभाग ने खंगालने शुरू किए सप्लाई नेटवर्क के तार

सार

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में कथित तौर पर भूसे के पाउडर से नकली दवाएं तैयार करने के मामले में ड्रग विभाग ने जांच तेज कर दी है। राजपुरा के एक कमरे से तीन प्रकार की दवाएं बरामद होने के बाद कच्चे माल, लेबल और पैकिंग सामग्री के स्रोत खंगाले जा रहे हैं। मामले में दो आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

TV Incharge

3 मिनट
नालागढ़ में भूसे के पाउडर से नकली दवाएं बनाने का आरोप, ड्रग विभाग ने खंगालने शुरू किए सप्लाई नेटवर्क के तार

राजपुरा के कमरे से तीन प्रकार की दवाएं बरामद, पैकेटों पर नामी कंपनियों के लेबल लगाने का आरोप; दो आरोपी पुलिस रिमांड पर, तीसरे की तलाश जारी

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में कथित तौर पर भूसे के पाउडर से नकली दवाएं तैयार करने के मामले में ड्रग विभाग ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। राजपुरा स्थित खेड़ा बाईपास के पास एक कमरे में चल रहे इस कथित अवैध कारोबार के पीछे कच्चे माल की सप्लाई और नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस रिमांड पर चल रहे दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि दवाओं में इस्तेमाल होने वाला भूसे का पाउडर, लेबल और पैकिंग सामग्री कहां से मंगवाई जाती थी।

जांच के दौरान कमरे से एंटीबायोटिक्स, न्यूरोलॉजिकल और एसिडिटी से संबंधित तीन प्रकार की दवाएं बरामद हुई थीं। इनके पैकेटों पर सिक्किम की एल्केम, गाजियाबाद की मेडविन और सिरमौर के बड़ा गांव स्थित केलटेक्स हेल्थकेयर कंपनी के नाम अंकित थे।

आरोप है कि दवाओं के नाम पर पैकेटों में भूसे का पाउडर भरकर नामी कंपनियों के लेबल लगाए जा रहे थे, ताकि इन्हें असली दवाओं के रूप में बाजार में बेचा जा सके।

पैकेटों की वास्तविकता का किया जा रहा सत्यापन

ड्रग विभाग संबंधित कंपनियों से संपर्क कर बरामद पैकेटों की वास्तविकता का सत्यापन कर रहा है। इसके साथ ही बाहरी राज्यों में दवाओं की संभावित सप्लाई और उससे जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। बीबीएन क्षेत्र में रिहायशी मकानों और छोटे कमरों में कथित तौर पर नकली दवाएं तैयार करने के मामले सामने आना जांच एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है।

इससे पहले बद्दी के शीतलपुर में नामी ब्रांड के नाम पर कम कीमत में दवाओं के ऑर्डर लेकर अग्रिम भुगतान वसूलने का मामला सामने आया था। वहीं, वर्ष 2022 में बद्दी के हनुमान मंदिर के पास बंद पड़े प्लांट से आगरा सप्लाई की जा रही नकली दवाओं के मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

प्रदेश में अब तक नकली दवा निर्माण के 12 मामले पकड़े जा चुके हैं, जिनमें 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

राजपुरा मामले में ड्रग विभाग ने झारखंड निवासी मोनू कुमार और उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद हसीन को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।

दोनों गिरफ्तार आरोपियों को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के जरिए कथित सप्लाई नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार तीसरे आरोपी की तलाश में भी दबिश दी जा रही है।

हिमाचल की 92 इकाइयों के दवा बैच गुणवत्ता जांच में फेल

इस बीच केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की सितंबर माह की रिपोर्ट में देशभर के 330 दवा नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश की 92 इकाइयों के दवा बैच भी शामिल बताए गए हैं। राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन ने संबंधित बैचों का इस्तेमाल रोकने और संबंधित इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

दवा खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने आम लोगों से दवाएं खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दवा के पैकेट पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि जरूर जांचें।

दवाएं हमेशा अधिकृत मेडिकल स्टोर से पक्के बिल के साथ ही खरीदें। किसी दवा के संदिग्ध होने या उसके सेवन से प्रतिकूल प्रभाव सामने आने पर डॉक्टर से संपर्क करें। साथ ही स्थानीय औषधि नियंत्रक या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर इसकी सूचना दें।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें