मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में बढ़ रहा प्राकृतिक खेती का दायरा, 48 हजार से अधिक किसान जुड़े; MSP बढ़ने से किसानों का बढ़ा रुझान

सार

हिमाचल सरकार के प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों का असर मंडी जिले में दिखने लगा है। जिले में 48,380 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं और 8,400 हेक्टेयर भूमि इसके तहत लाई जा चुकी है। प्राकृतिक खेती की उपज पर बढ़े न्यूनतम समर्थन मूल्य से किसानों का रुझान भी बढ़ा है।

3 मिनट
मंडी में बढ़ रहा प्राकृतिक खेती का दायरा, 48 हजार से अधिक किसान जुड़े; MSP बढ़ने से किसानों का बढ़ा रुझान

8,400 हेक्टेयर भूमि पर हो रही प्राकृतिक खेती, 2026-27 में 2,500 नए किसानों को जोड़ने का लक्ष्य

प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को रसायनमुक्त खेती की ओर बढ़ाने के हिमाचल सरकार के प्रयास रंग ला रहे हैं। प्राकृतिक खेती की उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी के बाद किसानों का इस खेती पद्धति के प्रति रुझान बढ़ा है। मंडी जिले में भी बड़ी संख्या में किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ रहे हैं।

जिले में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसका उद्देश्य रसायनमुक्त खेती को बढ़ावा देना, सुरक्षित और पौष्टिक खाद्यान्न का उत्पादन सुनिश्चित करना, मिट्टी की उर्वरता में सुधार करना तथा किसानों की उत्पादन लागत कम कर टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना है।

मंडी में 48 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े

मंडी जिले में वर्तमान में 48,380 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। वहीं 8,400 हेक्टेयर भूमि को प्राकृतिक खेती के तहत लाया जा चुका है।

वर्ष 2025-26 में 2,500 हेक्टेयर क्षेत्र, 50 क्लस्टर और 8,214 किसानों को योजना से जोड़ा गया। वर्ष 2026-27 में 1,000 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि, 20 नए क्लस्टर और 2,500 नए किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

MSP से किसानों को मिल रहा बेहतर दाम

पिछले दो वर्षों में कृषि विभाग की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत 1,040.81 क्विंटल मक्का, 644.24 क्विंटल गेहूं और करीब 233 क्विंटल हल्दी की खरीद की गई है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है।

घांघल गांव के किसान प्रताप सिंह ने आत्मा परियोजना के तहत प्रशिक्षण लेने के बाद प्राकृतिक खेती शुरू की। उन्होंने गेहूं के साथ मटर और चने की मिश्रित खेती की। उनका कहना है कि पहले गेहूं का मूल्य 60 रुपये प्रति किलोग्राम मिलता था, जो अब बढ़कर 80 रुपये हो गया है। इसी तरह मक्की का मूल्य भी 40 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।

सुंदरनगर तहसील के ढंडोल गांव के किसान मस्तराम ने मक्की, सोयाबीन, अदरक और हल्दी की खेती शुरू की है। उन्होंने पांच बीघा भूमि पर प्राकृतिक खेती कर करीब 65 हजार रुपये का गेहूं और 25 हजार रुपये की मक्की सरकार को बेची। उन्होंने बताया कि हल्दी का समर्थन मूल्य 90 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम किए जाने से किसानों को काफी लाभ हुआ है।

4.93 करोड़ रुपये की कार्ययोजना प्रस्तावित

वर्ष 2026-27 के लिए प्राकृतिक खेती मिशन के तहत करीब 4.93 करोड़ रुपये की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई है। इसके तहत नए कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन (CRP) की नियुक्ति, किसानों के प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम, प्रोत्साहन राशि, प्राकृतिक खेती का प्रमाणन, अध्ययन सामग्री और किट वितरण सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं।

इसके अलावा जिले में 13 बायो रिसोर्स सेंटर (BRC) स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को जीवामृत, घन जीवामृत और अन्य जैविक संसाधन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

किसानों को मिल रही आर्थिक सहायता

उप परियोजना निदेशक (आत्मा) मंडी हितेंद्र कुमार के अनुसार प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को स्वदेशी नस्ल की गाय खरीदने पर 25 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है।

गोमूत्र संग्रहण के लिए गौशाला का फर्श पक्का करने के लिए 8 हजार रुपये तथा जीवामृत और घन जीवामृत तैयार करने के लिए तीन ड्रमों पर 2,250 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को प्राकृतिक खेती का निःशुल्क प्रशिक्षण, किट और तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार की ओर से प्राकृतिक खेती की उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के बाद किसानों का भरोसा इस खेती पद्धति में बढ़ा है। बेहतर दाम मिलने से किसान प्राकृतिक खेती को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लाभकारी कृषि व्यवसाय के रूप में भी अपना रहे हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें