मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

लाहौल-स्पीति विधायक अनुराधा राणा ने DFO के खिलाफ की विशेषाधिकार हनन की शिकायत, विधानसभा अध्यक्ष ने मांगा जवाब

सार

लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने स्थानीय डीएफओ के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत विधानसभा सचिवालय में दर्ज कराई है। विधायक का आरोप है कि उनके द्वारा उठाए गए मामलों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई और संपर्क करने पर भी उचित जवाब नहीं मिला। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए वन सचिव से मामले में जवाब मांगा है।

4 मिनट
लाहौल-स्पीति विधायक अनुराधा राणा ने DFO के खिलाफ की विशेषाधिकार हनन की शिकायत, विधानसभा अध्यक्ष ने मांगा जवाब

विधायक का आरोप- उठाए गए मामलों पर नहीं हुई अपेक्षित कार्रवाई; डीएफओ से जवाब लेकर विधानसभा सचिवालय को भेजेगा वन विभाग

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने स्थानीय डीएफओ के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत विधानसभा सचिवालय में की है। विधायक का आरोप है कि उनकी ओर से उठाए गए मामलों पर डीएफओ ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। उन्होंने संबंधित अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें उचित जवाब नहीं दिया गया।

अनुराधा राणा ने इसे विधायक के विशेषाधिकारों का हनन बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष से मामले में कार्रवाई की मांग की है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में शिकायत मिलने की पुष्टि की।

वन सचिव से मांगा गया जवाब

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से सचिव वन से मामले में जवाब मांगा गया है। वन सचिव संबंधित डीएफओ से जवाब लेकर उसे विधानसभा सचिवालय को भेजेंगे। इसके बाद विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों और डीएफओ के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

पठानिया ने बताया कि कुछ विशेषाधिकार से जुड़े मामले सेटल हो चुके हैं, जबकि कई मामलों में अभी संबंधित पक्षों से जवाब मांगे गए हैं।

पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ भी कर चुकी हैं शिकायत

अनुराधा राणा इससे पहले एक पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ भी विशेषाधिकार हनन की शिकायत कर चुकी हैं। विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार वह मामला अब सेटल हो चुका है। ऐसे में डीएफओ के खिलाफ शिकायत विशेषाधिकार हनन से जुड़ा अनुराधा राणा का दूसरा मामला है, जिसमें उन्होंने किसी अधिकारी के व्यवहार को अपने विधायक पद के विशेषाधिकार से जोड़ा है।

वर्ष 2026-27 के लिए गठित विधानसभा की विशेषाधिकार एवं याचिका संबंधी व्यवस्था की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया कर रहे हैं। विधानसभा की समितियों के गठन की अधिसूचना में उन्हें विशेषाधिकार समिति का सभापति भी बनाया गया है।

सुक्खू सरकार के कार्यकाल में विशेषाधिकार से जुड़े प्रमुख मामले

नवंबर 2023: मंत्री जगत सिंह नेगी और चार कांग्रेस विधायकों ने अधिकारियों के खिलाफ विधानसभा सचिवालय में विशेषाधिकार और अवमानना संबंधी शिकायतें की थीं। संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया था।

मार्च 2024: नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बजट सत्र के दौरान कथित हंगामे और सदन की मर्यादा प्रभावित करने को लेकर नौ भाजपा विधायकों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत की थी। संबंधित विधायकों से जवाब मांगा गया।

2025: विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री की ओर से सदन में गलत जानकारी देने का आरोप लगाते हुए विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था।

दिसंबर 2025: भाजपा विधायकों विपिन सिंह परमार, राकेश जम्वाल और त्रिलोक जम्वाल ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ कथित असंसदीय टिप्पणी को लेकर विशेषाधिकार का मामला उठाया था।

जनवरी 2026: आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने मंडी के तत्कालीन उपायुक्त अपूर्व देवगन के खिलाफ प्रोटोकॉल संबंधी मामले में विशेषाधिकार का मुद्दा उठाया था। संबंधित विभाग से जवाब मांगा गया।

2026: दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने तत्कालीन एसपी बद्दी इल्मा अफरोज के खिलाफ विधायक की कथित निगरानी और जासूसी तथा उनके ड्राइवर पर दबाव डालने के आरोपों को लेकर विशेषाधिकार का मामला उठाया। इस मामले में दोबारा जवाब मांगा गया।

मंत्रियों के आश्वासनों की निगरानी के लिए बनेगी एश्योरेंस कमेटी

विधानसभा में राज्य सरकार की ओर से सदन में दिए गए आश्वासनों और घोषणाओं के अमल की समीक्षा के लिए एश्योरेंस कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी निगरानी करेगी कि कैबिनेट मंत्रियों की ओर से सदन में किए गए एलान और दिए गए आश्वासनों को संबंधित विभागों की ओर से लागू किया गया है या नहीं।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि पहले विधानसभा में एश्योरेंस कमेटी होती थी। बाद में सदन में दिए गए आश्वासनों की समीक्षा का अतिरिक्त कार्य एक स्टैंडिंग कमेटी को सौंप दिया गया था। अब इस व्यवस्था को लेकर फिर से एश्योरेंस कमेटी गठित की जाएगी।

21 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र

पठानिया ने बताया कि 14वीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर तक चलेगा। मानसून सत्र का शुभारंभ 21 अगस्त को सुबह 11 बजे होगा। पहले दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय विजेंद्र सिंह और राम चंद भाटिया के प्रति शोकोद्गार किए जाएंगे।

मानसून सत्र में कुल 10 बैठकें होंगी। वहीं, 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें