मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमकेयर जांच में विजिलेंस का शिकंजा, भाजपा विधायक डॉ. जनक राज से होगी पूछताछ

सार

हिमाचल प्रदेश की हिमकेयर योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच अब भाजपा विधायक डॉ. जनक राज तक पहुंच गई है। विजिलेंस ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया है। जांच एजेंसी आईजीएमसी शिमला में उनके चिकित्सा अधीक्षक कार्यकाल के दौरान हिमकेयर दावों, बिलों की मंजूरी और प्रशासनिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

3 मिनट
हिमकेयर जांच में विजिलेंस का शिकंजा,  भाजपा विधायक डॉ. जनक राज से होगी पूछताछ

विजिलेंस ने पूछताछ के लिए आज शिमला बुलाये विधायक

हिमाचल प्रदेश की हिमकेयर योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच अब भाजपा विधायक डॉ. जनक राज तक पहुंच गई है। भरमौर से भाजपा विधायक को विजिलेंस ने पूछताछ के लिए तलब किया है।

डॉ. जनक राज वीरवार सुबह 11 बजे शिमला स्थित विजिलेंस मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां जांच अधिकारी उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेंगे। इससे पहले मंगलवार को विजिलेंस ने धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा से भी पूछताछ की थी।

अब डॉ. जनक राज को तलब किए जाने से हिमकेयर मामले की जांच और तेज होती नजर आ रही है। विजिलेंस की जांच में डॉ. जनक राज के आईजीएमसी शिमला में चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) के कार्यकाल के दौरान हिमकेयर योजना से जुड़े दावों और अस्पताल की प्रशासनिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका को खंगाला जा रहा है।

जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि मरीजों के इलाज से संबंधित दावों की जांच किस स्तर पर हुई, बिलों को मंजूरी देने की प्रक्रिया क्या रही और भुगतान से पहले निर्धारित नियमों का पालन किया गया या नहीं।

हिमकेयर योजना में कथित गड़बड़ी की जांच के लिए विजिलेंस पहले ही अलग-अलग टीमें गठित कर चुकी है। प्रारंभिक जांच में ऑपरेशन पैकेज से बाहर के सामान की खरीद समेत कई बिंदुओं पर सवाल उठे हैं।

डॉ. जनक राज बोले- जांच से डर नहीं

विधायक डॉ. जनक राज ने स्पष्ट किया है कि वह जांच से नहीं डरते। उन्होंने कहा है कि जांच एजेंसी की ओर से पूछे गए हर सवाल का जवाब देंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

डॉ. जनक राज पहले आईजीएमसी शिमला में चिकित्सा अधीक्षक के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल से जुड़े हिमकेयर दावों और प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी अब विजिलेंस जांच का हिस्सा है।

विजिलेंस की पूछताछ के बाद यह स्पष्ट होगा कि आईजीएमसी में हिमकेयर से जुड़े दावों और बिलों की मंजूरी में तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों की क्या भूमिका रही और जांच में सामने आए तथ्यों का आगे क्या निष्कर्ष निकलता है।

उधर, डा: जनकराज द्वारा बुधवारको नादौन शहर में एक निशुल्‍क स्‍वास्‍थ्‍य जांच शिविर का आयोजन किया गया। उन्‍होंने इस शिविर को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। भाजपा विधायक ने कहा कि इस शिविर का आयोजन न हो सके, इसके लिए सरकार ने कई प्रयास किए। उन्‍हें दो बार शिविर की जगह बदलनी पड़ी। उन्‍होंने कहा कि सरकार गलत मानसिकता के साथ काम कर रही है। 

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • हिमकेयर
  • विजिलेंस
  • भाजपा विधायक
  • जनक राज
  • चिकित्सा अनियमितताएँ
  • डॉ. जनक राज
  • चिकित्सा

इस खबर को शेयर करें