मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

आरोपों की जांच में पूरा सहयोग करेंगे, जनता तय करेगी कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध है या नहीं: डॉ. जनक राज

सार

भाजपा विधायक एवं न्यूरोसर्जन डॉ. जनक राज ने नादौन में अपने ऊपर लगाए गए आरोपों और कार्रवाई को लेकर कहा कि सच सामने आना जरूरी है और वह किसी भी जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई का आरोप लगाने के बजाय फैसला जनता पर छोड़ दिया। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा सत्र में पेंशन और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने की बात कही।

2 मिनट
आरोपों की जांच में पूरा सहयोग करेंगे, जनता तय करेगी कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध है या नहीं: डॉ. जनक राज

नादौन में बोले भाजपा विधायक, बच्चेदानी संबंधी बयान पर कायम; विधानसभा सत्र में पेंशन और जनहित के मुद्दे उठाने का किया ऐलान

अपने ऊपर लगाए गए आरोपों और की जा रही कार्रवाई को लेकर प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन एवं भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने बुधवार को नादौन में पत्रकारों से बातचीत की। उनके साथ पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री भी मौजूद रहे।

डॉ. जनक राज ने कहा कि सच जानना जनता का अधिकार है और किसी भी जांच में वह पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सरकार की कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध के कारण हो रही है या नहीं, इसका फैसला जनता करेगी।

बच्चेदानी संबंधी बयान पर कायम

डॉ. जनक राज ने अपने बच्चेदानी संबंधी बयान पर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग उनके बयान का मतलब और उसमें कही गई बात को बेहतर तरीके से समझते हैं।

भाजपा पर सवाल उठाने से पहले सरकार बताए अपनी भूमिका

प्रदेश के भाजपा नेताओं पर केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल के हितों की बात नहीं रखने के सरकार के आरोपों पर डॉ. जनक राज ने कहा कि राजनीतिक टिप्पणी करना सरकार का विशेषाधिकार है। हालांकि, उन्होंने सरकार से सवाल किया कि मंत्री और प्रदेश सरकार यह भी बताएं कि उन्होंने कितनी बार प्रधानमंत्री से मुलाकात कर प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री केवल गांधी परिवार से मिलने जाते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी आपसी खींचतान का आरोप लगाया।

कांग्रेस में एक-दूसरे को नीचा दिखाने की परंपरा: जनक राज

डॉ. जनक राज ने कहा कि कांग्रेस में नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने की अपनी पुरानी परंपरा निभा रहे हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के बसों को हरी झंडी दिखाने से जुड़ी घटना और स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ हुए व्यवहार का जिक्र करते हुए सरकार पर तंज कसा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्या केवल एक ही व्यक्ति बुद्धिमान है। उन्होंने कहा, “मैं ठीक हूं, यह बात तो ठीक है, लेकिन केवल मैं ही ठीक हूं, यह सरासर गलत है।”

विधानसभा सत्र में पेंशन का मुद्दा उठाएंगे

डॉ. जनक राज ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिन वर्गों को पेंशन नहीं मिल रही है, उनकी समस्या को सदन में उठाया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश सरकार की कारगुजारी को भी जनता के सामने रखा जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें