मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

जयराम ठाकुर का CM सुक्खू पर हमला, बोले- मुख्यमंत्री झूठ बोलने के योद्धा

सार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के समापन के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को 'झूठ बोलने का योद्धा' बताते हुए प्रदेश की आर्थिक स्थिति और सरकारी संपत्तियों को लीज पर देने के फैसलों पर सवाल उठाए। जयराम ने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों के बजाय जश्न की तैयारियों में जुटी है और प्रदेश की संपत्तियों को बेचा जा रहा है।

TV Incharge

5 मिनट
जयराम ठाकुर का CM सुक्खू पर हमला, बोले- मुख्यमंत्री झूठ बोलने के योद्धा

शीतकालीन सत्र के समापन पर नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस सरकार को घेरा, प्रदेश की आर्थिक स्थिति, जमीनों की बिक्री और सरकारी संपत्तियों को लीज पर देने को लेकर लगाए गंभीर आरोप

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के छह दिवसीय शीतकालीन सत्र के समापन के बाद नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। धर्मशाला में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को 'झूठ बोलने का योद्धा' करार दिया।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है, लेकिन सरकार 11 दिसंबर को अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर जश्न मनाने की तैयारियों में जुटी है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से विधानसभा का सत्र भी निर्धारित समय से करीब सवा से डेढ़ महीने पहले बुलाया गया।

भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्तियों को लेकर सरकार को घेरा

जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष ने प्रदेश में भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्तियों को बेचे जाने के मुद्दे पर नियम 67 के तहत काम रोको प्रस्ताव लाकर चर्चा की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार नहीं था, लेकिन विपक्ष के दबाव के चलते विधानसभा अध्यक्ष को चर्चा की अनुमति देनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सदन में तथ्यों के साथ अपनी बात रखी, लेकिन मुख्यमंत्री का जवाब संतोषजनक नहीं रहा और सवालों के सीधे जवाब नहीं दिए गए। मुख्यमंत्री की ओर से विपक्ष के आरोप साबित करने की चुनौती पर जयराम ठाकुर ने कहा कि समय आने पर और सरकार बनने के बाद सभी आरोप सबूतों के साथ साबित किए जाएंगे।

धारा 118 के तहत जमीनों की अनुमति पर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने धारा 118 के तहत जमीनों की अनुमति देने में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के हालिया फैसले ने विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों को मजबूती दी है। उन्होंने सोलन जिले के एक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि अदालत ने सरकार के अधिकारों पर रोक लगाते हुए पहले के न्यायिक फैसले को आधार बनाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट के आसपास बिना एग्रीकल्चर सर्टिफिकेट के सैकड़ों बीघा जमीन बेची गई। इसके अलावा पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की करीब 3,000 कनाल जमीन बेचने की तैयारी की जा रही थी, जिसका मामला फिलहाल उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।

पीटरहॉफ और वाइल्ड फ्लावर हॉल को लेकर भी निशाना

जयराम ठाकुर ने शिमला के पीटरहॉफ को पीपीपी मोड पर देने, दिल्ली स्थित हिम निकेतन भवन को लीज पर देने और पर्यटन विभाग की 15 से 16 संपत्तियों को लीज आउट करने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने इन फैसलों को 'हिमाचल ऑन सेल' करार दिया।

उन्होंने वाइल्ड फ्लावर हॉल का जिक्र करते हुए कहा कि इस संपत्ति को लेकर प्रदेश सरकार ने 23 वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़ी। वर्ष 2024 में सरकार के पक्ष में फैसला आने के बावजूद दबाव में कब्जा छोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब बिडिंग की शर्तें इस तरह तय की गई हैं कि वही कंपनी अगले 35 वर्षों तक इसका संचालन करेगी।

विधायक क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए बजट रोकने का आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्ष के विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए बजट शून्य कर दिया गया है। विधायक निधि, बैकवर्ड एरिया सब-प्लान, ट्राइबल और शेड्यूल कास्ट कॉम्पोनेंट का पैसा भी रोक दिया गया है।

उन्होंने पिछले वर्ष 11 दिसंबर को सरकार के तीन साल पूरे होने पर आयोजित जश्न के खर्च का मुद्दा भी उठाया। जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा में खर्च का ब्यौरा मांगे जाने पर सरकार ने 'सूचना एकत्रित की जा रही है' कहकर जानकारी नहीं दी।

HRTC और मेडिकल डिवाइस पार्क के फैसलों पर सवाल

जयराम ठाकुर ने HRTC में बिना बिडिंग के एक एजेंसी को 142 करोड़ रुपये देने और टेंडर की शर्तों के विपरीत ट्रायल से पहले ही बसें खरीदकर खड़ी करने का आरोप लगाया। उन्होंने मेडिकल डिवाइस पार्क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत 100 करोड़ रुपये में से जारी 30 करोड़ रुपये वापस कर दिए गए और अब वहां कॉलोनाइजर की तरह प्लॉटिंग की जा रही है।

उन्होंने बीबीएनडीए में राज्य सरकार की अनुमति के बिना सैकड़ों प्लॉट आवंटित करने और औद्योगिक भूमि का लैंड यूज बदलकर कोठियां बनाने के आरोप भी लगाए। इसके अलावा कबाड़, मेडिकल सप्लाई और शिक्षा विभाग के टेंडरों सहित अन्य कार्यों में खास लोगों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया।

BBMB एरियर के श्रेय को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना

बीबीएमबी एरियर के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले और मुख्यमंत्री के 'योद्धा' वाले होर्डिंग्स पर भी जयराम ठाकुर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पानी पर रॉयल्टी का मुद्दा पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने उठाया था, जिसके बाद 12 प्रतिशत रॉयल्टी तय हुई।

वर्ष 2011 में प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौरान हिमाचल का 7.19 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित हुआ।

उन्होंने दावा किया कि 1966 के बाद के बकाया एरियर के लिए उनकी सरकार ने कैशलेस सेटलमेंट की पहल की थी। केंद्र सरकार, अटॉर्नी जनरल की मध्यस्थता और सुप्रीम कोर्ट के फैसले से हिमाचल को 4,200 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय केंद्र सरकार और सर्वोच्च न्यायालय को दिया जाना चाहिए।

अंत में जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पोस्टरबाजी छोड़कर प्रदेश के विकास पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता और विधायकों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम करना चाहिए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें