मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में दो किशोरों की मौत से सनसनी, एक ने मोबाइल गेम से रोकने पर उठाया खौफनाक कदम तो दूसरा फंदे से लटका मिला

सार

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और चंबा जिले में 14 वर्षीय दो किशोरों की मौत के अलग-अलग मामलों से सनसनी फैल गई। कांगड़ा के रक्कड़ क्षेत्र में मोबाइल फोन पर गेम खेलने से रोकने के बाद किशोर ने कथित तौर पर कमरे में फंदा लगा लिया। वहीं चंबा के घोल्टी गांव में दसवीं कक्षा का छात्र घर के अंदर पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

3 मिनट
हिमाचल में दो किशोरों की मौत से सनसनी, एक ने मोबाइल गेम से रोकने पर उठाया खौफनाक कदम तो दूसरा फंदे से लटका मिला

कांगड़ा के रक्कड़ में 14 वर्षीय किशोर ने कमरे में लगाया फंदा, चंबा के घोल्टी में दसवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और चंबा जिले में दो 14 वर्षीय किशोरों की मौत के अलग-अलग मामलों ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। कांगड़ा के रक्कड़ क्षेत्र में मोबाइल फोन पर गेम खेलने से रोकने के बाद एक किशोर ने कथित तौर पर कमरे में फंदा लगा लिया।

वहीं चंबा के घोल्टी गांव में दसवीं कक्षा का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे के कुंडे से लटका मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल गेम खेलने से रोकने पर किशोर ने लगाया फंदा

कांगड़ा जिले के समीपवर्ती रक्कड़ क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार किशोर काफी देर से मोबाइल फोन पर गेम खेल रहा था। उसकी मां ने जब उसे गेम खेलने से मना किया और मोबाइल अपने पास रख लिया तो वह नाराज होकर कमरे में चला गया।

कुछ देर बाद परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो किशोर फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की माता ने पुलिस को दिए बयान में किसी व्यक्ति पर कोई संदेह नहीं जताया है। एएसपी आरपी जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

चंबा के घोल्टी में दसवीं के छात्र की मौत

वहीं, चंबा जिले की सरोल पंचायत के घोल्टी गांव में बुधवार सुबह 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान लकी पुत्र सतो निवासी बनगोटू, डाकघर पल्यूर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार लकी पिछले करीब पांच-छह वर्षों से घोल्टी गांव में एक सेवानिवृत्त अधिकारी के घर रह रहा था और वहीं पढ़ाई करता था। वह दसवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

किशोर ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मृतक छात्र के पिता सतो ने भी पुलिस के समक्ष किसी व्यक्ति पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें