मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में बढ़ता नशे का जाल, चरस-गांजे से चिट्टे और सिंथेटिक ड्रग्स तक पहुंचा खतरा

सार

हिमाचल प्रदेश में नशे का खतरा लगातार गंभीर होता जा रहा है। कभी चरस और शराब तक सीमित रही समस्या अब चिट्टा, इंजेक्शन, एमडीएमए और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स तक पहुंच गई है। विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश अब केवल नशा तस्करी का ट्रांजिट कॉरिडोर नहीं रहा, बल्कि तेजी से बड़े उपभोक्ता बाजार में बदल रहा है। आंकड़ों के मुताबिक हिमाचल में 1.7 प्रतिशत आबादी चिट्टे का सेवन कर रही है, जबकि राष्ट्रीय औसत 0.7 प्रतिशत है।

4 मिनट
हिमाचल में बढ़ता नशे का जाल, चरस-गांजे से चिट्टे और सिंथेटिक ड्रग्स तक पहुंचा खतरा

प्रदेश में 1.7 प्रतिशत आबादी कर रही चिट्टे का सेवन, राष्ट्रीय औसत 0.7 फीसदी; तीन साल में ओवरडोज से 66 लोगों की मौत

देवभूमि हिमाचल प्रदेश में नशे की समस्या अब चिंताजनक स्तर तक पहुंचती जा रही है। कभी चरस की खेती और तस्करी तक सीमित रही नशे की समस्या अब चिट्टा, इंजेक्शन, एमडीएमए और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स के रूप में युवाओं तक पहुंच रही है। स्थिति यह है कि हिमाचल धीरे-धीरे नशे के ट्रांजिट कॉरिडोर से आगे बढ़कर इसके बड़े उपभोक्ता राज्य के रूप में सामने आ रहा है।

राज्य सचिवालय शिमला में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से मादक पदार्थों के सेवन और तस्करी के खिलाफ हितधारकों के लिए आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में विशेषज्ञों ने हिमाचल में बढ़ते नशे के खतरे की गंभीर तस्वीर सामने रखी।

विशेषज्ञों के अनुसार कभी पंजाब और उत्तर-पूर्वी राज्यों को नशे के बड़े केंद्रों के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब हिमाचल भी नशे के नेटवर्क के लिए संवेदनशील हॉट-स्पॉट बनता जा रहा है।

राष्ट्रीय औसत से कई गुना अधिक चरस-गांजे का सेवन

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और एम्स के नेशनल ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर की रिपोर्टों के अनुसार हिमाचल में चरस और गांजे का सेवन राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। प्रदेश की करीब 3.2 प्रतिशत आबादी भांग और गांजा उत्पादों का सेवन करती है, जबकि राष्ट्रीय औसत करीब एक प्रतिशत है।

वहीं, चिट्टे का सेवन भी प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार हिमाचल में करीब 1.7 प्रतिशत आबादी चिट्टे का सेवन कर रही है, जबकि देश में इसका औसत 0.7 प्रतिशत है। हालांकि पड़ोसी राज्य पंजाब की तुलना में हिमाचल में चिट्टे का सेवन करने वालों का अनुपात करीब एक फीसदी कम बताया गया है।

विशेषज्ञों ने यह भी चिंता जताई कि चिट्टे की लत से छुटकारा पाने के लिए कुछ लोग दर्द निवारक दवाओं की ओवरडोज का सहारा ले रहे हैं। इससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के साथ मौत के मामले भी सामने आ रहे हैं।

चरस से आगे बढ़ा नशे का नेटवर्क

कार्यशाला में सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि विजय कुमार ने बताया कि पहले हिमाचल में नशे का स्वरूप मुख्य रूप से चरस और शराब तक सीमित था, लेकिन अब नशे के तौर-तरीकों और पदार्थों दोनों में बदलाव आया है। इंजेक्शन के जरिए लिए जाने वाले नशे, केमिकल ड्रग्स और पार्टी ड्रग्स का चलन भी बढ़ रहा है।

भारत सरकार की रिपोर्ट में हिमाचल की भौगोलिक स्थिति को नशा तस्करी के लिहाज से संवेदनशील बताया गया है। पंजाब से हेरोइन और अन्य ओपिओइड्स की खेप हिमाचल पहुंच रही है, जबकि उत्तराखंड, चंडीगढ़ और दिल्ली से सिंथेटिक ड्रग्स का नेटवर्क सक्रिय होने की बात सामने आई है।

विशेषज्ञों के मुताबिक पहले हिमाचल को मुख्य रूप से नशे की तस्करी के मार्ग के तौर पर देखा जाता था, लेकिन अब प्रदेश में नशे की मांग बढ़ने से यहां खुद एक बड़ा उपभोक्ता बाजार तैयार हो रहा है।

शानो-शौकत और जल्दी कमाई की चाह में तस्करी की ओर युवा

मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. कुशल वर्मा के अनुसार नशे के काले कारोबार में अब बड़ी संख्या में युवा तस्कर के रूप में भी शामिल हो रहे हैं। महंगे मोबाइल फोन, लग्जरी जीवनशैली, जल्दी पैसा कमाने की चाह और सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली चमक-दमक युवाओं को अवैध कारोबार की ओर आकर्षित कर रही है।

कई मामलों में नशे का सेवन करने वाले युवा ही बाद में इसकी बिक्री और तस्करी से जुड़ जाते हैं। इससे वे न केवल नशे की गिरफ्त में फंसते हैं, बल्कि अपराध के चक्र का भी हिस्सा बन जाते हैं।

तंबाकू और शराब बन रहे नशे की पहली सीढ़ी

विशेषज्ञों ने बताया कि अधिकांश मामलों में नशे की शुरुआत तंबाकू और शराब जैसे पदार्थों से होती है। किशोरावस्था में सिगरेट, हुक्का, ई-सिगरेट या शराब का सेवन करने वाले युवाओं में आगे चलकर चरस, चिट्टा और अन्य खतरनाक नशीले पदार्थों की ओर बढ़ने का जोखिम अधिक रहता है।

रिपोर्ट में इसे ‘गेटवे ड्रग इफेक्ट’ से जोड़कर देखा गया है। यानी शुरुआती दौर में हल्के नशे की आदत धीरे-धीरे गंभीर और खतरनाक नशीले पदार्थों के सेवन का रास्ता खोल सकती है।

तीन साल में नशे की ओवरडोज से 66 मौतें

हिमाचल प्रदेश में नशे की ओवरडोज से मौतों का आंकड़ा भी चिंताजनक है। वर्ष 2023 से 31 जनवरी 2026 तक प्रदेश में ओवरडोज के कारण 66 लोगों की मौत दर्ज की गई।

सरकार की ओर से विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में ओवरडोज से 8 मौतें हुईं। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 31 और वर्ष 2025 में 27 तक पहुंच गया।

लगातार बढ़ते आंकड़े बताते हैं कि हिमाचल में नशे की समस्या अब केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं रह गई है, बल्कि यह स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़ी गंभीर चुनौती बन चुकी है। विशेषज्ञों ने नशे की रोकथाम के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता, परिवार की भूमिका, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें