मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

डाडासीबा में खुलेगा नया SDM कार्यालय, 1,012 मछुआरा परिवारों को मिली 3,500 रुपये की आर्थिक सहायता

सार

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के डाडासीबा में नया एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री मत्स्य सम्मान निधि योजना के तहत 1,012 मछुआरा परिवारों को 3,500 रुपये प्रति परिवार की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से जारी की गई। उन्होंने कस्बा कोटला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे संचालित करने की भी घोषणा की।

4 मिनट
डाडासीबा में खुलेगा नया SDM कार्यालय, 1,012 मछुआरा परिवारों को मिली 3,500 रुपये की आर्थिक सहायता

CM सुक्खू ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार समेत कई विकास कार्यों की दी सौगात, मछुआरा परिवारों के खाते में DBT से पहुंची राशि

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के डाडासीबा में क्षेत्रवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने डाडासीबा में नया उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे संबंधित अधिसूचना जल्द जारी कर दी जाएगी।

इसके साथ ही कस्बा कोटला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे संचालित करने के लिए आवश्यक प्रावधान करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री डाडासीबा में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्मान निधि योजना के तहत 1,012 मछुआरा परिवारों को वित्तीय सहायता जारी करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 3,500 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मछली पकड़ने पर लगाए जाने वाले वार्षिक प्रतिबंध की अवधि के दौरान मछुआरा परिवारों को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से यह सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मछुआरा समुदाय की आर्थिक स्थिति और उनकी समस्याओं को समझने के बाद सरकार ने इस योजना को शुरू किया है। सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मछली के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य भी निर्धारित किया है, जिससे मछुआरा समुदाय को अपनी आय बढ़ाने में मदद मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) का जिक्र करते हुए कहा कि यदि यह बंद नहीं किया गया होता तो हिमाचल वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकता था।

उन्होंने दावा किया कि आरडीजी बंद होने से प्रदेश को हर साल लगभग 8,000 से 10,000 करोड़ रुपये का वित्तीय नुकसान हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस योजना को 2 अक्तूबर को सोलन जिले से शुरू करेगी। सरकार ने ऐसे करीब 90 हजार परिवारों की पहचान की है, जिन्हें अभी तक किसी सरकारी कल्याणकारी योजना का लाभ नहीं मिला है।

योजना के तहत करीब दो लाख परिवारों को सहायता प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन के साथ 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया जाएगा।

वर्ष 2023 की आपदा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौरान प्रदेश में करीब 23 हजार मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए और 900 से अधिक लोगों की जान गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों को नया मकान बनाने के लिए दी जाने वाली सहायता को 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख और अब 8 लाख रुपये किया है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने बद्दी क्षेत्र में जमीन आवंटन और पिछली सरकार के दौरान लागू हिमकेयर योजना में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और जहां भी अनियमितताएं सामने आएंगी, वहां नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने जनता से भी भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की मुहिम में सहयोग देने का आह्वान किया।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए 156 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं तथा स्कूलों में शिक्षकों के 6,000 नए पद भरे गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 31 दिसंबर 2026 तक प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 90 प्रतिशत चिकित्सा, पैरामेडिकल और अन्य सहायक स्टाफ उपलब्ध करवाना है, ताकि लोगों को प्रदेश में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने जसवां-प्रागपुर क्षेत्र के बाड़ी में 95 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने डाडासीबा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विज्ञान खंड की आधारशिला भी रखी।

इसके अलावा क्षेत्र में 4.85 करोड़ रुपये के विभिन्न सड़क कार्यों तथा अलोह में 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन की आधारशिला रखी गई।

इस अवसर पर राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक संजय रतन, कांग्रेस नेता सुरेंद्र मनकोटिया, विधायक कमलेश ठाकुर, पूर्व विधायक योगराज, महाधिवक्ता अनूप रतन, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें