मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के 9वें चरण में कोई पात्र परिवार न छूटे: आशीष बुटेल

सार

पालमपुर विधायक आशीष बुटेल ने पंचायत सचिवों को ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के नौवें चरण में सभी पात्र लाभार्थियों को शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र परिवार को योजना के लाभ से वंचित न रखा जाए और सूची तैयार करने में पारदर्शिता बरती जाए।

3 मिनट
‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के 9वें चरण में कोई पात्र परिवार न छूटे: आशीष बुटेल

पालमपुर विधायक ने पंचायत सचिवों को दिए निर्देश, जल्द तैयार करें पात्र लाभार्थियों की सूची; अगले माह होगी योजना की समीक्षा

‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के नौवें चरण में सभी पात्र लाभार्थियों को शामिल करना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने खंड विकास कार्यालय में पंचायत सचिवों के साथ आयोजित बैठक के दौरान यह निर्देश दिए।

विधायक ने पंचायत सचिवों को जल्द पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सचिव इस कार्य को गंभीरता से लें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र परिवार का नाम सूची में शामिल होने से न छूटे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आशीष बुटेल ने अधिकारियों को योजना के तहत अब तक शामिल किए गए लाभार्थियों की संख्या को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर पंचायत सचिव पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र परिवारों की पहचान करें और उनकी सूची तैयार करें।

उन्होंने कहा कि ‘बीपीएल’ और ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ दो अलग-अलग योजनाएं हैं। पंचायती राज विभाग को दोनों योजनाओं के संबंध में स्पष्ट स्थिति रखते हुए पात्रता के आधार पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

विधायक ने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के नौवें चरण की जानकारी पात्र और अब तक छूटे हुए परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए और निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।

उन्होंने कहा कि योजना का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाना सरकार और विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पंचायत स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

बैठक के दौरान विधायक आशीष बुटेल ने विभिन्न पंचायतों की समस्याओं, लंबित विकास कार्यों, नई योजनाओं और लंबित धनराशि के व्यय को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने पंचायत स्तर पर लंबित कार्यों को गति देने और उपलब्ध धनराशि का निर्धारित नियमों के अनुसार उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना और पंचायतों से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए तथा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

बैठक में कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी विजय कुमार, पंचायत निरीक्षक ध्रुव सिंह भूरिया सहित विभिन्न पंचायतों के सचिव और विभाग के तकनीकी कर्मचारी मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • अपना परिवार सुखी परिवार
  • आशीष बुटेल
  • पंचायत सचिव
  • लाभार्थी सूची
  • पारदर्शिता
  • बीपीएल
  • पंचायती राज

इस खबर को शेयर करें