मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला में नशा तस्करों की 14 करोड़ की संपत्ति जब्त, 38 आरोपी गिरफ्तार; 27 नवंबर से पुलिस भर्ती के फिजिकल टेस्ट

सार

शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस के 16 मामलों में 84 आरोपियों की 14 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की है। रामपुर के एक मामले में 38 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद 1.38 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति चिन्हित की गई है। वहीं, पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शिमला में 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक फिजिकल टेस्ट होंगे।

TV Incharge

3 मिनट
शिमला में नशा तस्करों की 14 करोड़ की संपत्ति जब्त, 38 आरोपी गिरफ्तार; 27 नवंबर से पुलिस भर्ती के फिजिकल टेस्ट

एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच से खुली तस्करों की संपत्तियों की परतें, कांस्टेबल के 800 पदों के लिए 9,151 अभ्यर्थी देंगे शारीरिक परीक्षा

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब आरोपियों की अवैध संपत्तियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 16 मामलों में 84 आरोपियों की 14 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की है।

वहीं, रामपुर के एक एनडीपीएस मामले में वित्तीय जांच के आधार पर 1 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चिन्हित कर जब्त की गई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश पुलिस में 800 कांस्टेबल पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया के तहत शिमला जिले में 27 नवंबर से फिजिकल टेस्ट शुरू होंगे।

एएसपी मेहर पंवार ने बताया कि रामपुर थाना क्षेत्र में 3 मार्च 2025 को कुटिहार में पुलिस गश्त के दौरान एक वाहन से करीब 27 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इस मामले में करसोग निवासी एक दंपति को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद पुलिस ने नशे के नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों की जांच करते हुए कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 5ए के तहत की गई वित्तीय जांच में आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के बैंक खाते, यूपीआई लेनदेन, आयकर रिटर्न तथा राजस्व और परिवहन विभाग के रिकॉर्ड खंगाले गए।

जांच में छह आरोपियों और छह सहयोगियों सहित कुल 12 लोगों के नाम पर 1 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति सामने आई।

इसमें एक इकोमैट ट्रक, हुंडई वेन्यू, टोयोटा ग्लैंजा और आयशर टिप्पर सहित कुल 10 वाहन तथा दो एप्पल आईफोन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, संदीप शाह और उसके सहयोगियों के बैंक खातों में यूपीआई और अन्य माध्यमों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन भी सामने आए।

जांच के दौरान इन संपत्तियों के लिए आय का वैध स्रोत नहीं मिल पाया। एएसपी ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 16 मामलों में 84 आरोपियों की 14 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। उनके अनुसार, वर्ष 2024 और 2025 में इस तरह की कोई संपत्ति जब्त नहीं हुई थी।

वहीं, पुलिस कांस्टेबल भर्ती को लेकर एएसपी ने बताया कि 800 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। शिमला जिले में 9,151 अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक भराड़ी पुलिस ग्राउंड में आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) और शारीरिक मापदंडों (पीएसटी) की जांच होगी।

मिडल बाजार में शव मिलने की घटना पर एएसपी ने बताया कि संबंधित थाने में मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम करवाया जा चुका है और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

फिलहाल जांच में किसी तरह के फाउल प्ले के तथ्य सामने नहीं आए हैं। कंगना रनौत एफआईआर मामले पर उन्होंने कहा कि मामला जांच के अधीन है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा की ओर से पुतला दहन रोकने, एकतरफा कार्रवाई और हाथापाई के आरोपों पर एएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और पुलिस इसे निष्पक्ष एवं पेशेवर तरीके से संभालेगी।

वहीं, ठियोग के आस्था फाउंडेशन से जुड़े सुशील शर्मा की गिरफ्तारी पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई अदालत के माध्यम से बेल कैंसिलेशन के आधार पर की गई है। पूर्व मामलों में मिली जमानत की शर्तों का उल्लंघन होने के चलते यह कदम उठाया गया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें